scorecardresearch
 

वैभव सूर्यवंशी के लिए अफगानिस्तान ने बनाया 'नेहरा जी' जैसा प्लान, यूं ट्रैप में फंसे 'बेबी बॉस'

श्रीलंका में खेले गए ट्राई नेशन A सीरीज के मुकाबले में भारत A के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने 22 गेंदों में 44 रन की विस्फोटक पारी खेली. हालांकि अफगानिस्तान A के तेज गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई ने शॉर्ट बॉल की रणनीति से उन्हें फंसाया. विकेटकीपर इशाक रहीमी ने कैच लपककर वैभव की आक्रामक पारी का अंत किया.

Advertisement
X
बेबी बॉस का धमाका अधूरा, अफगानिस्तान A की खास रणनीति ने किया शिकार (Photo: ITG)
बेबी बॉस का धमाका अधूरा, अफगानिस्तान A की खास रणनीति ने किया शिकार (Photo: ITG)

भारत A और अफगानिस्तान A के बीच श्रीलंका के दांबुला स्थित रंगिरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए ट्राई नेशन A सीरीज 2026 के मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोरीं. हालांकि इस बार वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए और अफगानिस्तान A की सोची-समझी रणनीति का शिकार बन गए.

गुरुवार (11 जून) को टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी अफगानिस्तान A की टीम के सामने भारत A की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने की. वैभव शुरुआत से ही बेखौफ अंदाज में नजर आए और अफगान गेंदबाजों पर लगातार हमला बोलते रहे. उन्होंने महज 22 गेंदों में 44 रन ठोक दिए, जिसमें 9 शानदार चौके शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा और ऐसा लग रहा था कि वह एक और बड़ी पारी की ओर बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: IND A vs AFG A: कौन हैं 22 साल के अब्दुल्ला अहमदजई? ज‍िन्होंने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के बल्ले पर लगाया ब्रेक, बाउंसर से न‍िपटाया

लेकिन सातवें ओवर में अफगानिस्तान A ने उनके लिए खास जाल बिछाया. तेज गेंदबाज अब्दुल्ला अहमदजई ने राउंड द विकेट आकर शरीर की तरफ शॉर्ट गेंद डाली. यह वही तरह की योजना थी जिसे भारतीय क्रिकेट में अक्सर 'नेहरा जी प्लान' के तौर पर देखा गया है, जहां बल्लेबाज की ताकत पर ही हमला करके उसे गलती करने के लिए मजबूर किया जाता है. 

Advertisement

अब्दुल्ला की गेंद वैभव को थोड़ा क्रैम्प कर गई. युवा बल्लेबाज ने बैकफुट पर जाकर गेंद को रैंप या गाइड करने की कोशिश की, लेकिन उनका शॉट पूरी तरह नियंत्रित नहीं रहा. गेंद बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर इशाक रहीमी के दस्तानों में चली गई. कैच आउट होते ही वैभव ने निराशा में सिर पीछे झुका लिया, क्योंकि वह शानदार लय में दिख रहे थे.
यह भी पढ़ें: पहले वैभव बढ़ा, अब आशीर्वाद म‍िलेगा! छोटा भाई भी क्रिकेटर बनने को तैयार

वैभव की 44 रन की पारी ने भारत A को तेज शुरुआत जरूर दिलाई, लेकिन जिस अंदाज में वह बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे टीम और प्रशंसकों को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी. अफगानिस्तान A की रणनीति आखिरकार सफल रही और उसने भारत A के सबसे खतरनाक बल्लेबाज को जल्दी पवेलियन भेज दिया.

आईपीएल में बाउंसर से परेशान हुए थे वैभव 
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ एक ऐसी रणनीति अपनाई थी, जिसने युवा बल्लेबाज की तकनीक को लेकर चर्चा छेड़ दी थी. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में सिराज ने 146.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज बाउंसर फेंकी. वैभव ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की थी, लेकिन अतिरिक्त गति के कारण गेंद बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर शॉर्ट फाइन लेग पर खड़े अरशद खान के हाथों में चली गई. माना जाता है कि बाउंसर बॉल स‍िराज को नेहरा ने फेंकने के ल‍िए कहा था. 

Advertisement

यह विकेट सिर्फ एक आउट नहीं था, बल्कि गुजरात की पूर्व-निर्धारित रणनीति का हिस्सा नजर आया. सिराज ने वैभव के आक्रामक रवैये को भांपते हुए उन्हें शॉर्ट गेंद से फंसाया और विकेट लेते ही जोशीले अंदाज में जश्न मनाया. इस घटना के बाद क्रिकेट विशेषज्ञों के बीच यह बहस शुरू हो गई थी कि क्या तेज रफ्तार शॉर्ट गेंदें वैभव की कमजोरी हैं.
यह भी पढ़ें: पहले बरसाए चौके, फिर कर बैठे गलती... दांबुला में वैभव सूर्यवंशी की पारी का दर्दनाक अंत, देखें VIDEO

हालांकि पूरे टूर्नामेंट के आंकड़े यह नहीं बताते कि शॉर्ट बॉल उनकी स्थायी कमजोरी है, क्योंकि वैभव ने कई मौकों पर बाउंसरों को भी बाउंड्री के पार पहुंचाया. फिर भी सिराज का यह विकेट इस बात का संकेत जरूर था कि अच्छी योजना के साथ शरीर की तरफ आती तेज और उठती हुई गेंदें उन्हें चुनौती दे सकती हैं.

अंडर 19 वर्ल्ड कप में 4 बार बाउंसर पर आउट 
वैसे वैभव हर गेंद को बाउंड्री के बाहर पहुंचाने की कुव्वत रखते हैं, लेकिन बाउंसर (शॉर्ट ऑफ लेंग्थ गेंद ) उनकी कमजोरी रही है, वो अंडर 19 वर्ल्ड कप में 4 बार बाउंसर के सामने आउट हुए हैं. 

भारत A प्लेइंग XI: वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, ऋतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, अरशद खान, विपराज निगम, अनुकूल रॉय, अंशुल कंबोज.

Advertisement

अफगानिस्तान A: इमरान मीर (कप्तान), हसन इसाखिल, खालिद तानिवाल, एजाज अहमद अहमदजई, बहीर शाह, इशाक रहीमी (विकेटकीपर), खलील गुरबाज, जहीर खान, अब्दुल्ला अहमदजई, मोहम्मद इब्राहिम, फरमानुल्लाह सफी.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement