IND vs ZIM T20I 2026 Series: वैभव सूर्यवंशी का इंग्लैंड दौरा उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, लेकिन जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को अब भी इस 15 वर्षीय बल्लेबाज पर पूरा भरोसा है. रजा का मानना है कि अगर वैभव को सही तरीके से तैयार और मार्गदर्शन दिया गया तो वह आने वाले समय में क्रिकेट का 'जेनरेशनल टैलेंट' साबित हो सकता है.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच 23 जुलाई से हरारे में तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू हो रही है. इस मुकाबले से पहले जियोस्टार से बातचीत में रजा ने कहा कि इतनी कम उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना ही बड़ी उपलब्धि है, इसलिए दो-तीन मैचों के आधार पर किसी खिलाड़ी को जज करना सही नहीं होगा.
रजा ने कहा- वैभव बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर है. अगर कोई 15 साल का लड़का इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहा है तो सिर्फ दो-तीन मैचों के बाद उसकी आलोचना करना बिल्कुल भी उचित नहीं है.
उन्होंने आगे कहा कि वैभव के आसपास कई अनुभवी भारतीय क्रिकेटर मौजूद हैं. यदि टीम प्रबंधन उसे सही तरीके से संभालता और आगे बढ़ाता है तो वह आने वाले वर्षों में क्रिकेट की नई पीढ़ी का सबसे बड़ा सितारा बन सकता है.
इंग्लैंड दौरे पर नहीं चला बल्ला
वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत के लिए डेब्यू किया था. हालांकि उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा. उन्होंने तीन पारियों में क्रमशः 14, 13 और 15 रन बनाए. इनमें से दो बार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने उन्हें शॉर्ट गेंदों पर आउट किया. भारत को इस सीरीज में 0-4 से हार का सामना करना पड़ा.
हरारे में फिर दिखेगा वैभव का जलवा?
अब वैभव उसी हरारे लौट रहे हैं, जहां उन्होंने जनवरी में अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाया था. मौजूदा भारतीय टीम में संजू सैमसन नहीं हैं, ऐसे में वैभव को टॉप ऑर्डर में लगातार मौके मिलने की पूरी संभावना है.
रजा ने कहा- पिछले एक साल में वैभव ने जो किया है, भारत अंडर-19 के लिए जो प्रदर्शन किया और इतनी कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया, ये छोटी उपलब्धियां नहीं हैं. आजकल ऐसी कहानियां बहुत कम देखने को मिलती हैं. वैभव वाकई खास खिलाड़ी है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि उसे किस तरह संभाला जाता है.
भारत नहीं, दोनों टीमों के पास बराबर मौका
सिकंदर रजा ने भारत को इस सीरीज का एकतरफा फेवरेट मानने से भी इनकार किया. उनका कहना है कि जिम्बाब्वे लगातार बेहतर और आक्रामक क्रिकेट खेल रहा है, इसलिए यह सीरीज बेहद रोमांचक रहने वाली है.
उन्होंने कहा- मेरे हिसाब से दोनों देशों के पास सीरीज जीतने का बराबर मौका है. जिम्बाब्वे पिछले कुछ समय से लगातार अच्छा और मनोरंजक क्रिकेट खेल रहा है. इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि यह सीरीज काफी रोमांचक होगी.
जिम्बाब्वे ने इसी साल फरवरी में कोलंबो में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था. उस हार की वजह से ऑस्ट्रेलिया ग्रुप चरण से ही बाहर हो गया था. इसके अलावा जिम्बाब्वे ने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की है.
भारत की बल्लेबाजी पर भी दी चेतावनी
रजा ने माना कि भारत बेहद आक्रामक क्रिकेट खेलता है और अगर उसकी बल्लेबाजी चल निकली तो मुकाबला हाथ से निकल सकता है.
उन्होंने कहा- भारत की बल्लेबाजी अगर किसी दिन क्लिक कर गई तो वह आपको मैच से बाहर कर सकती है. लेकिन उनकी शैली हाई-रिस्क क्रिकेट की है. कई बार यह रणनीति काम नहीं करती और जब बड़ा स्कोर नहीं बनता तो विपक्षी टीम के पास मुकाबला जीतने का मौका रहता है.
दोनों टीमें बदलाव के दौर में
जिम्बाब्वे कप्तान ने कहा कि भारत और जिम्बाब्वे दोनों ही बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं. यही वजह है कि वह इस सीरीज को एकतरफा नहीं मानते.
उन्होंने कहा- भारत ट्रांजिशन के दौर से गुजर रहा है और कुछ हद तक जिम्बाब्वे भी नई टीम तैयार कर रहा है. इसलिए मुझे यह सीरीज बिल्कुल भी एकतरफा नहीं लगती.
भारत-जिम्बाब्वे रिश्तों की भी तारीफ
रजा ने भारत और जिम्बाब्वे के क्रिकेट संबंधों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम के खिलाफ खेलने से जिम्बाब्वे के खिलाड़ियों को काफी सीखने और अनुभव हासिल करने का मौका मिलता है.
उन्होंने कहा- भारत हमेशा जिम्बाब्वे क्रिकेट का अच्छा दोस्त रहा है. खिलाड़ियों के विकास और अनुभव के लिहाज से मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन भारत के खिलाफ खेलना हमारे लिए बेहद फायदेमंद है.
भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा और तीसरा टी20 मुकाबला भी हरारे में 25 और 26 जुलाई को खेला जाएगा.
भारत vs जिम्बाब्वे टी20 सीरीज का फुल शेड्यूल
पहला टी-20 23 जुलाई 2026 (गुरुवार) शाम 4:30 बजे
दूसरा टी-20 25 जुलाई 2026 (शनिवार) शाम 4:30 बजे
तीसरा टी-20 26 जुलाई 2026 (रविवार) शाम 4:30 बजे
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत का स्क्वॉड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)