scorecardresearch
 

जहां टूटा था सपना, वहीं चैम्पियन बन जीता दिल... 3 साल में टीम इंडिया ने ऐसे तोड़ा अहमदाबाद का 'मिथक'

टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब जीत लिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बनाए और फिर न्यूजीलैंड को 159 रन पर समेट दिया. इस जीत के साथ भारत टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गया.

Advertisement
X
न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने जीता वर्ल्ड कप का खिताब (Photo: ICC)
न्यूजीलैंड को हराकर टीम इंडिया ने जीता वर्ल्ड कप का खिताब (Photo: ICC)

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. करीब 90 हजार दर्शकों की गूंज के बीच भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर टी20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया. भारतीय टीम की इस महाजीत के साथ ही अहमदाबाद के इस मैदान से 19 नवंबर 2023 की हार की याद भी खत्म हो गई.

कप्तान सूर्या की अगुवाई में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब का सफल बचाव किया. यह पहली बार है जब किसी टीम ने अपने ही देश में टी20 विश्व कप जीता और साथ ही खिताब बचाने का कारनामा भी किया.

इस जीत के साथ ही भारतीय मेन्स टीम टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली टीम बन गई है. भारत ने 2007, 2024 और 2026 में खिताब जीते हैं, जबकि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज की टीमों ने दो-दो बार यह ट्रॉफी जीती है.

महान कप्तानों की सूची में शामिल हुए सूर्यकुमार

33 साल की उम्र में कप्तानी संभालने वाले सूर्यकुमार यादव अब उन भारतीय कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने विश्व कप जिताया है. इस सूची में कपिल देव, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और हरमनप्रीत कौर जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

Advertisement

अहमदाबाद का मिथक टूटा

इस महामुकाबले से पहले हर किसी के मन में ये सवाल था कि आखिर भारत यहां कैसे मुकाबला जीतेगा. इसके पीछे 2023 की वो कड़वी याद थी जब टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल ऑस्ट्रेलिया के सामने यहीं गंवाया था. तब भारत अजेय रहते हुए फाइनल में पहुंचा था लेकिन वह खिताब नहीं जीत सका था. 

इस टूर्नामेंट में भी भारत केवल एक मैच हारा था. वो मैच भी साउथ अफ्रीका के साथ इसी मैदान पर था. इसलिए फैन्स के मन में ये सवाल कौंध रहा था कि आखिर टीम इंडिया अहमदाबाद का मिथक कैसे तोड़ेगी. लेकिन चैम्पियन टीम मिथकों और तमाम रिकॉर्ड्स को तोड़कर ही बना जाता है. भारतीय टीम ने अपनी हर पिछली हार से सबक लिया. और सबसे बड़ी बात इस बार टीम इंडिया ने अहमदाबाद की पिच को अच्छे से समझा और उसी हिसाब से प्लानिंग की.

यह भी पढ़ें: कप्तान सूर्या ने T20 वर्ल्ड कप जीतकर स्टेडियम की मिट्टी को छुआ, इमोशनल VIDEO वायरल

भारत की तूफानी बल्लेबाजी

न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया. भारत ने 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन ने एक बार फिर धमाकेदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन बनाए और तीसरी बार शतक से थोड़ा पीछे रह गए.

Advertisement

उनके अलावा ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन और अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली. अंत में शिवम दुबे ने सिर्फ 8 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुंचा दिया.

यह लगातार दूसरा मौका था जब भारत ने इस टूर्नामेंट में 250 से ज्यादा रन बनाए.

यह भी पढ़ें: India vs New Zealand T20 Final Highlights: भारत तीसरी बार बना टी20 का विश्व विजेता, फाइनल में कीवियों को 96 रनों से रौंदा

लक्ष्य का पीछा करते हुए बिखरी न्यूजीलैंड

256 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी. पावरप्ले के अंदर ही उसके तीन विकेट गिर गए और टीम मैच में पीछे हो गई. नौवें ओवर तक न्यूजीलैंड का स्कोर 5 विकेट पर 72 रन हो चुका था और तभी से मैच का नतीजा लगभग तय हो गया था.

भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 19 ओवर में 159 रन पर समेट दिया. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement