scorecardresearch
 

भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश बन सकती है विलेन... श्रीलंकाई मौसम विभाग ने जारी की वॉर्निंग, फैन्स की बढ़ीं धड़कनें

भारतीय टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दो मुकाबला जीत चुकी है. अब उसका सामना 15 फरवरी को पाकिस्तान से होना है. पाकिस्तानी टीम भी लगातार दो जीत दर्ज कर इस मुकाबले से पहले फॉर्म में आ गई हैय

Advertisement
X
15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला. (Photo: AP)
15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाएगा भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला. (Photo: AP)

आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी (रविवार) को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना है. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर अब बारिश का साया मंडरा रहा है. श्रीलंका के मौसम विभाग और प्राकृतिक आपदा प्रारंभिक चेतावनी सेंटर ने 15–16 फरवरी के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है, जिससे इस हाईवोल्टेज मैच के धुलने की आशंका बढ़ गई है.

श्रीलंका के मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसी वजह से भारी बारिश और खराब मौसम का अनुमान लगाया गया है. एडवाइजरी में लोगों और आयोजकों को लगातार मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें: भारत-PAK मैच से पहले गरमाया माहौल... अभिषेक शर्मा पर इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने की भद्दी टिप्पणी

इस मैच के भी धुलने की आशंका
भारत-पाकिस्तान का यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला जहां कोलंबो में खेला जाना है. वहीं अगले दिन कैंडी में श्रीलंका vs ऑस्ट्रेलिया मैच भी निर्धारित है, जहां बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, ऐसे में खराब मौसम आयोजकों, खिलाड़ियों और फैन्स के लिए बड़ी परेशानी बन सकता है.

accuweather.com के अनुसार जिस दिन भारत-पाकिस्तान मैच है, उस दिन मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना काफी कम है. करीब 4 घंटे तक बारिश हो सकती है,  यानी मैच में रुकावट बार-बार आ सकती है. साथ ही गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना 26 प्रतिशत जताई गई है.

Advertisement

भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर पहले विवाद भी हुआ था. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने 1 फरवरी को कहा था कि उसकी टीम इस मैच को नहीं खेलेगी. लेकिन 10 फरवरी को पुष्टि हुई कि मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार होगा. अब मौसम नया संकट बनकर सामने आया है.

अगर भारत-पाकिस्तान का यह ग्रुप मुकाबला बारिश के कारण रद्द होता है तो दोनों टीमों को 1-1 अंक मिलेगा. ऐसे में दोनों टीमों की सुपर-8 में पहुंचने की राह आसान हो जाएगी. वैसे भी अब ग्रुप-ए में बड़े उलटफेर की संभावना कम मानी जा रही है. बता दें कि ग्रुप मैचों और सुपर-8 मुकाबलों के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे का प्रावधान नहीं किया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement