भारतीय टीम आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंच गई है. गुरुवार (5 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को सात रनों से पराजित किया. भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 254 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए वो सात विकेट पर 246 रन ही बना सका. अब भारतीय टीम फाइनल में 8 मार्च को न्यूजीलैंड का सामना करेगी.
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत की धमाकेदार एंट्री, हाईस्कोरिंग मैच में इंग्लैंड को हराया
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम की बल्लेबाजी इस मैच में काफी शानदार रही, वहीं गेंदबाजी में कुछ कमजोर कड़ियां जरूर नजर आईं. जबकि फील्डिंग टीम इंडिया की दमदार रही. वैसे पिच भी बैटिंग के मुफीद थी, तभी दो इस मुकाबले में करीब 500 रन बने.
अक्षर पटेल ने इस मैच में जैसी फील्डिग की, वो गेमचेंजिंग साबित हुआ. अक्षर ने इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक का हवा में उड़ता कैच लिया. बाद में अक्षर ने विल जैक्स को पवेलियन लौटाने में अहम भूमिका निभाई, जो क्रीज पर पूरी तरह सेट हो चुके थे. यही नहीं अक्षर ने फिल साल्ट का भी कैच लेकर टीम को पहली कामयाबी दिलाने में अपना रोल निभाया.
बुमराह-हार्दिक ने पलट दिया मैच
मैच के टर्निंग पॉइंट्स इंग्लिश पारी के 18वें और 19वें ओवर रहे. 18वां ओवर जसप्रीत बुमराह ने डाला, जिसमें केवल 6 रन आए. वहीं 19वां ओवर हार्दिक पंड्या ने किया, जहां उन्होंने सिर्फ 9 रन खर्च किए और सैम करन का विकेट भी लिया. इन दो ओवरों के चलते इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी ओवर में 30 रन बनाने थे, जो काफी मुश्किल टास्क था.
बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने भारत के लिए कमाल का प्रदर्शन किया. संजू ने 42 गेंदों में 89 रन की तूफानी पारी खेली. उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे. इंग्लैंड के गेंदबाज उन्हें रोकने के लिए प्रयासरत रहे, लेकिन सैमसन ने सभी प्रयासों को नाकाम कर दिया. हालांकि हैरी ब्रूक ने जरूर उनका कैच ड्रॉप टपकाया था, तब सैमसन 15 रनों पर थे.
भारतीय टीम लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है. भारत ने टी20 वर्ल्ड कप के पिछले संस्करण में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था. अब भारतीय टीम न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रचना चाहेगी. अब तक कोई भी मेजबान टीम टी20 वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है. साथ ही लगातार दो बार किसी टीम ने टी20 वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीता है.