स्टीव स्मिथ गर्दन की चोट के कारण दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज तक के लिए सेलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने स्कैन के बाद उनकी चोट की जानकारी दी है. स्मिथ को साउथ अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट से बाहर होना पड़ा, जो मंगलवार से शुरू हुआ.
37 साल के स्मिथ को पिछले सप्ताह गकेबरहा में खेले गए दूसरे टेस्ट के चौथे दिन गर्दन में दर्द हुआ था. इसके एमआरआई जांच में सर्वाइकल फेसट जॉइंट इंजरी की पुष्टि हुई. गर्दन की मूवमेंट सीमित होने के कारण वह केपटाउन टेस्ट में खेलने के लिए फिट नहीं थे.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा कि स्मिथ का इलाज और रिहैबिलिटेशन जारी रहेगा. बोर्ड को उम्मीद है कि वह दिसंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.
स्मिथ की जगह उतरे इंग्लिस, जड़े नाबाद 85 रन
स्मिथ की गैरमौजूदगी में जोश इंग्लिस को टीम में मौका मिला और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया. साउथ अफ्रीका की पहली पारी के 329 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने दिन का खेल खत्म होने तक 4 विकेट पर 330 रन बना लिए. इस तरह मेहमान टीम को एक रन की मामूली बढ़त मिली.
इंग्लिस 85 रन बनाकर नाबाद रहे. उनके अलावा मैट रेनशॉ ने 74, कैमरन ग्रीन ने 65 और एलेक्स कैरी ने नाबाद 51 रन बनाए. मार्नस लाबुशेन का खराब प्रदर्शन जारी रहा और वह बिना खाता खोले आउट हो गए.
साउथ अफ्रीका की पहली पारी 329 रनों पर सिमटी थी. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. मेजबान टीम के लिए एडेन मार्करम ने 78, मार्कस एकरमैन ने 95 और मार्को यानसन ने 52 रन बनाए. मिचेल स्टार्क ने 72 रन देकर 6 विकेट झटके.