scorecardresearch
 

SA vs AUS 3rd Test: केपटाउन टेस्ट में जम गई इंग्लिस- एलेक्स कैरी की जोड़ी, 4 विकेट गिरे, फिर भी नहीं टूटा ऑस्ट्रेलिया!

केपटाउन टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली है. दूसरे दिन स्टंप्स तक मेहमान टीम ने 4 विकेट पर 330 रन बना लिए. मैट रेंसॉ (74) और कैमरन ग्रीन (65) ने अर्धशतक लगाए, जबकि जोश इंग्लिस (नाबाद 85) और एलेक्स कैरी (नाबाद 50) ने शतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

Advertisement
X
जोश इंग्लिस (बाएं) को बधाई देते एलेक्स कैरी, केपटाउन टेस्ट का दूसरा दिन रहा यादगार (Photo: AP))
जोश इंग्लिस (बाएं) को बधाई देते एलेक्स कैरी, केपटाउन टेस्ट का दूसरा दिन रहा यादगार (Photo: AP))

साउथ  अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में दूसरे दिन (बुधवार) का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है. साउथ  अफ्रीका की पहली पारी के 329 रनों के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 90 ओवर में 4 विकेट पर 330 रन बना लिए. इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 1 रन की बढ़त मिल गई है. गुरुवार को मैच का तीसरा द‍िन रहेगा. 

दिन के आखिरी सेशन में जोश इंग्लिस और एलेक्स कैरी की जोड़ी साउथ  अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने दीवार बनकर खड़ी रही. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल स्थिति से निकालते हुए बढ़त दिला दी. स्टंप्स के समय इंग्लिस 85 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि कैरी ने नाबाद 50 रन बना लिए थे.

हेड और लाबुशेन को हार्मर ने भेजा पवेलियन
दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पारी आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ट्रेविस हेड और मैट रेंसॉ पर थी. दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों में आत्मविश्वास के साथ रन बनाए. गेराल्ड कोएत्जी ने अपनी तेज रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान करने की कोशिश की, लेकिन हेड ने लगातार दो चौके जड़कर साझेदारी को 50 रन के पार पहुंचा दिया. पर हार्मर की गेंद पर हेड गेंद को अपने स्टंप्स पर खेल बैठे. वह 41 रन बनाकर आउट हुए. इसी ओवर में हार्मर ने मार्नस लाबुशेन को भी पवेलियन भेज दिया. लाबुशेन स्लिप में कैच दे बैठे और बिना खाता खोले लौट गए.

Advertisement

रेंसॉ और ग्रीन ने जमाए अर्धशतक
इसके बाद रेंसॉ और ग्रीन ने एक ही ओवर में अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए. उनकी साझेदारी 100 रन के पार पहुंच गई और ऑस्ट्रेलिया मुकाबले में वापसी करने लगा. हालांकि, साउथ  अफ्रीका ने एक बार फिर जोरदार पलटवार किया.

मार्को जेनसन ने वापसी करते हुए पहले रेंसॉ (74)को आउट किया.इसके बाद ग्रीन भी जानेसन की गेंद पर स्लिप में कैच दे बैठे. उन्होंने 65 रन बनाए. चाय से ठीक पहले दो विकेट गंवाने से ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें फिर बढ़ गईं.

इंग्लिस-कैरी ने संभाली पारी, ऑस्ट्रेलिया को दिलाई बढ़त
चार विकेट गिरने के बाद जोश इंग्लिस और एलेक्स कैरी ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई. दोनों ने आखिरी सत्र की शुरुआत संभलकर की, क्योंकि इस साझेदारी का असर टेस्ट मैच के नतीजे पर पड़ सकता था. दिन का खेल खत्म होने से महज दो गेंद पहले ऑस्ट्रेलिया ने साउथ  अफ्रीका के 329 रनों के स्कोर को पार कर लिया. दूसरे दिन स्टंप्स तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 330/4 था और उसके पास 1 रन की बढ़त थी.
दूसरे दिन का स्कोर: ऑस्ट्रेलिया: 330/4 (90 ओवर)

  • जोश इंग्लिस: 85 नाबाद, मैट रेंसॉ: 74, कैमरन ग्रीन: 65,  एलेक्स कैरी: 50 नाबाद, मार्को जानसेन: 2 विकेट
  • साउथ  अफ्रीका: 329 रन, ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 1 रन से आगे.


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement