अमेरिका में एक यात्री के टेक्स्ट मैसेज ने प्लेन में सुरक्षा को लेकर अलर्ट पैदा कर दिया. दरअसल, मैसेज में प्लेन को हाईजैक करने और क्रैश करने की बात लिखी गई थी. इसके बाद लास वेगास से न्यू जर्सी के नेवार्क जा रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट को वापस लास वेगास लौटना पड़ा. पुलिस ने 25 साल के यात्री डांटे मिल्न को गिरफ्तार कर लिया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मिल्न ने पुलिस को बताया कि उसका मैसेज एक सहकर्मी के साथ मजाक का हिस्सा था. उसका इरादा प्लेन को हाईजैक करने, क्रैश करने या किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था. उस पर आतंकवादी घटना से जुड़ी धमकी देने या गलत सूचना देने का आरोप लगाया गया है.
फ्लाइट अटेंडेंट ने देखा हाईजैक वाला मैसेज
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, फ्लाइट में चढ़ने के दौरान एक फ्लाइट अटेंडेंट ने दो यात्रियों को टेक्स्ट मैसेज के जरिए बातचीत करते देखा था. उस बातचीत में दूसरे यात्रियों और फ्लाइट अटेंडेंट को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी थीं.
बाद में फ्लाइट अटेंडेंट ने एक मैसेज देखा, जिसकी शुरुआत 'I'm gonna hijack' यानी 'मैं हाईजैक करने जा रहा हूं' से होती थी. उसने तुरंत लीड फ्लाइट अटेंडेंट को इसकी जानकारी दी. बाद में मैसेज भेजने वाले की पहचान डांटे मिल्न के रूप में हुई.
यह भी पढ़ें: 'अलर्ट रहें क्योंकि...', फ्लाईदुबई हाईजैक के बाद इजरायली राजदूत ने भारत को चेताया
पुलिस रिपोर्ट में कहा गया कि मैसेज में प्लेन को हाईजैक करने और सामने वाली रो को क्रैश करने की बात लिखी गई थी. मैसेज में प्लेन के लिए अपशब्द का इस्तेमाल किया गया था. पुलिस ने बताया कि, प्लेन जब 10,000 फीट यानी करीब 3,050 मीटर की ऊंचाई पार कर गया, तब कैप्टन को इस मैसेज के बारे में बताया गया. रिपोर्ट में इसे विमान के कॉकपिट से जुड़ी सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप बताया गया.
इसके बाद पायलट ने प्लेन को वापस लास वेगास ले जाने का फैसला किया. एयर ट्रैफिक कंट्रोल के एक रिकॉर्डेड मैसेज में पायलट को यह बताते सुना गया कि फ्लाइट अटेंडेंट ने हाईजैक की धमकी वाले मैसेज की सूचना दी थी. इसके बाद विमान वापस लौट रहा था. फ्लाइट के वापस लास वेगास लौटने पर मिल्न को हिरासत में ले लिया गया.
आरोपी बोला- सहकर्मी से मजाक कर रहा था
पुलिस ने बताया कि, मिल्न न्यू जर्सी के वुडरिज का रहने वाला है. उसने अधिकारियों को बताया कि वह अपने काम से जुड़े तीन दिन के ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए लास वेगास आया था. वह अंडर वॉटर वेल्डिंग का काम करता है. मिल्न ने पुलिस को बताया कि उसने एयरपोर्ट के एक बार में बीयर और शराब पी थी. वह फ्लाइट में सोने वाला था. उसने कहा कि प्लेन में उसकी नींद खुली तो उसे पता चला कि फ्लाइट वापस लास वेगास लौट रही है.
यह भी पढ़ें: जुलाई में ही फ्लाईदुबई प्लेन को हाईजैक करने वाला था ओमानी को-पायलट, क्रू दोस्त की वजह से टाला हमला
मिल्न ने दूसरे यात्री के साथ टेक्स्ट मैसेज भेजने की बात स्वीकार किया. वह उस यात्री से प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मिला था. पुलिस के मुताबिक, जब उससे हाईजैक वाले मैसेज के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि शब्दों का इस्तेमाल सही तरीके से नहीं हुआ था और बातचीत सहकर्मियों के बीच मजाक का हिस्सा थी. उसका प्लेन को हाईजैक करने, क्रैश करने या किसी को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था.
डांटे मिल्न पर आतंकवादी घटना से जुड़ी धमकी देने या गलत सूचना देने का आरोप लगाया गया है. उसके वकील जेम्स गैलो ने बताया कि वह मामले की समीक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मिल्न अदालत में खुद को दोषी नहीं मानेगा.
फ्लाइट में मजाक के कारण पहले भी हुए हैं ऐसे मामले
विमान में बम या हाईजैक से जुड़ी धमकी जैसे मजाक को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं. इससे पहले भी ऐसे मामलों में यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है.
यह भी पढ़ें: हाईजैकिंग की आशंका में प्लेन की सऊदी में लैंडिंग, दुबई से इजरायल जा रहा था विमान
2022 में शिकागो में एक यात्री ने अपना बैग चेक कराते समय बम होने की बात कही थी. 2017 में एक तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट को उस समय लौटाना पड़ा था, जब किसी ने अपने वाई-फाई हॉटस्पॉट का नाम 'बम ऑन बोर्ड' रख दिया था. पिछले साल Allegiant Air की एक फ्लाइट को भी इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी, जब एक यात्री ने दूसरे व्यक्ति से कहा कि उसके लैपटॉप में बम है.