दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घर की साफ-सफाई शुरू हो जाती है. कोई पंखे चमकाने में जुट जाता है, तो कोई अलमारी, खिड़कियों और फर्श को साफ करने में लगा रहता है. लेकिन रसोई की सफाई करना सबसे मुश्किल कामों में से एक होता है. खासकर रसोई की कैबिनेट पर जमी चिकनाई, धूल और चिपचिपी गंदगी को हटाना आसान नहीं होता. कई बार कपड़े से बार-बार पोंछने के बाद भी कैबिनेट साफ नहीं दिखती.
ऐसे में लोग बाजार से महंगे क्लीनर खरीदते हैं, लेकिन कुछ क्लीनर कैबिनेट की चमक और फिनिश को नुकसान पहुंचा सकते हैं. अगर आप भी दिवाली की सफाई के लिए कोई आसान और कम खर्च वाला तरीका ढूंढ रहे हैं, तो डिशवॉश लिक्विड आपके काम आ सकता है. इसकी मदद से घर पर ही सफाई का लिक्विड तैयार किया जा सकता है, जिससे कैबिनेट पर जमी चिकनाई और गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है. इसमें आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं होगी.
कैबिनेट साफ करने के लिए चाहिए सिर्फ ये चीजें
रसोई की कैबिनेट साफ करने के लिए आपको किसी खास क्लीनिंग प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है. इसके लिए आपको एक कटोरी पानी, डिशवॉश लिक्विड की कुछ बूंदें, एक साफ स्प्रे बोतल और माइक्रोफाइबर कपड़े की जरूरत होगी. इन चीजों की मदद से आप कैबिनेट के बाहर और अंदर दोनों तरफ के हिस्से की सफाई कर सकते हैं.
कैसे बनाएं कैबिनेट साफ करने वाला लिक्विड?
सबसे पहले एक छोटी कटोरी में पानी लें. अब इसमें डिशवॉश लिक्विड की कुछ बूंदें डालकर अच्छी तरह मिला लें. ध्यान रखें कि साबुन बहुत ज्यादा न डालें, वरना कैबिनेट पर झाग और चिपचिपापन रह सकता है. अब इस घोल को एक साफ स्प्रे बोतल में भर लें. आपका आसान क्लीनिंग सॉल्यूशन तैयार है.
इस आसान तरीके से साफ करें किचन की कैबिनेट
1. कैबिनेट पर हल्का स्प्रे करें: सबसे पहले कैबिनेट पर जमा धूल को सूखे कपड़े से हटा दें. इसके बाद तैयार घोल का हल्का स्प्रे करें. ध्यान रखें कि कैबिनेट को जरूरत से ज्यादा गीला न करें.
2. माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछें: अब एक साफ माइक्रोफाइबर कपड़ा लें और कैबिनेट को हल्के हाथों से पोंछें. इससे कैबिनेट पर जमी चिकनाई, धूल और गंदगी हटाने में मदद मिल सकती है. कोनों और हैंडल के आसपास भी अच्छी तरह सफाई करें.
3. साफ कपड़े से दोबारा पोंछें: साबुन के कण हटाने के लिए हल्के गीले कपड़े से कैबिनेट को पोंछें. इसके बाद सूखे कपड़े से अच्छी तरह सुखा दें. इससे कैबिनेट पर पानी के निशान पड़ने के चांस कम होंगे.
सिरका और बेकिंग सोडा लगाने से पहले रखें ध्यान
कई लोग रसोई की जिद्दी चिकनाई हटाने के लिए सिरका और बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, हर तरह की कैबिनेट पर इनका इस्तेमाल करना सही नहीं होता. कुछ कैबिनेट्स की पॉलिश या फिनिश पर इनका असर पड़ सकता है. इसलिए कैबिनेट के मटीरियल के हिसाब से ही सफाई का तरीका चुनें.
नोट: किसी भी क्लीनिंग लिक्विड का इस्तेमाल करने से पहले कैबिनेट के किसी छिपे हुए छोटे हिस्से पर टेस्ट कर लें. लकड़ी, लैमिनेट और पेंट की गई कैबिनेट की जरूरत अलग-अलग हो सकती है. घोल को सीधे स्प्रे करने के बजाय कपड़े पर लगाना ज्यादा सेफ हो सकता है, खासकर जब उसकी फिनिश को लेकर जानकारी न हो.