पाकिस्तानी मेन्स क्रिकेट टीम इस समय बदलाव के दौर से गुजर रही है. अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज शॉन टेट ने पाकिस्तानी टीम का बॉलिंग कंसल्टेंट बनने पर सहमति जताई है. जियो न्यूज के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) जल्द ही उनकी नियुक्ति का आधिकारिक ऐलान कर सकता है.
शॉन टेट के अगले सप्ताह की शुरुआत में पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है. वहां वह पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात कर अनुबंध से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करेंगे. इसके बाद वह राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाजों के साथ काम शुरू करेंगे.
शॉन टेट पहले भी पाकिस्तान टीम के साथ काम कर चुके हैं. मार्च 2022 में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान दौरे से पहले टीम का फुल टाइम गेंदबाजी कोच बनाया गया था. वह जनवरी 2023 तक इस पद पर रहे. टेट का पीसीबी के साथ शुरुआती करार एक साल का था. बोर्ड में संगठनात्मक बदलाव के बाद उनका अनुबंध आगे नहीं बढ़ाया गया.
यह भी पढ़ें: हार के बाद टीम इंडिया पर ICC का तगड़ा एक्शन... मेहमान वेस्टइंडीज को भी लगा फटका
अब उनकी वापसी एक अलग भूमिका में हो रही है. इस बार वह पूरे साल टीम के साथ रहने वाले कोच की बजाय कंसल्टेंट के तौर पर तेज गेंदबाजों की मदद करेंगे. टेट ने हाल ही में बांग्लादेश की तेज गेंदबाजी यूनिट के साथ काम किया था. हालांकि, इस साल की शुरुआत में उन्होंने यह जिम्मेदारी छोड़ दी.
यह भी पढ़ें: पैड बांधे, बल्ला थामा... अनाया बांगड़ ने शुरू की क्रिकेट ट्रेनिंग, PHOTOS
बांग्लादेश में रहते हुए उन्होंने तीनों फॉर्मेट के लिए पूरे साल फुल टाइम कोचिंग की व्यस्तता को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी. पद छोड़ते समय शॉन टेट ने कहा था कि पूरे साल रेड और व्हाइट बॉल क्रिकेट से जुड़े फुल टाइम रोल में 12 महीने उनके लिए काफी थे और अब वह अपने परिवार को थोड़ा ज्यादा समय देना चाहते हैं. ऐसे में कंसल्टेंसी की भूमिका उनकी प्राथमिकताओं के ज्यादा करीब है.
43 वर्षीय शॉट टेट ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन टेस्ट, 35 वनडे और 21 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. अपनी तेज रफ्तार के लिए मशहूर रहे टेट को पाकिस्तान के गेंदबाजी सिस्टम की भी अच्छी जानकारी है. उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हो रही है जब पाकिस्तान के सामने कई अहम सीरीज हैं. टीम को घरेलू मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ टी20 और टेस्ट मैच खेलने हैं. इसके बाद इंग्लैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच वनडे ट्राई सीरीज भी होगी.