Vaibhav Sooryavanshi vs Sanju Samson: इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में संजू सैमसन एक बार फिर बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेले गए मुकाबले में वह सस्ते में आउट हो गए.
इसके साथ ही उनकी खराब फॉर्म पर सवाल और तेज हो गए हैं. आयरलैंड सीरीज में भी संजू का बल्ला खामोश रहा था और अब लगातार तीसरी नाकामी के बाद 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है.
हालांकि भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का मानना है कि टीम इंडिया को इस समय कोई जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए. उन्होंने साफ कहा कि संजू सैमसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी का साथ छोड़ने का यह सही समय नहीं है.
'संजू को बैक करना जरूरी'
'क्रिकबज' पर बातचीत के दौरान दिनेश कार्तिक ने कहा कि संजू सैमसन लगातार तीन पारियों में रन नहीं बना पाए हैं, इसलिए वैभव सूर्यवंशी के समर्थन में आवाजें उठना स्वाभाविक है. लेकिन टीम मैनेजमेंट को धैर्य रखना चाहिए.
कार्तिक ने कहा- संजू सैमसन एक बार फिर असफल रहे हैं. लगातार तीन पारियां खराब जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी को मौका देने की मांग तेज हो गई है. लेकिन मैं उम्मीद करता हूं कि टीम मैनेजमेंट संजू जैसे खिलाड़ी का साथ देगा. कुछ महीने पहले टी20 वर्ल्ड कप के दबाव वाले मुकाबलों में उन्होंने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए उन्हें बैक करना चाहिए.
वैभव के लिए भी दिया बड़ा संदेश
दिनेश कार्तिक ने वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा की भी खुलकर तारीफ की, लेकिन साथ ही साफ कर दिया कि सिर्फ टैलेंट के दम पर टीम में जगह नहीं मिलती.
उन्होंने कहा- वैभव को इस टीम में खेलने का अधिकार अपने प्रदर्शन से हासिल करना होगा. वह बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और मुझे पूरा भरोसा है कि भविष्य में इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करेंगे.
टॉस के फैसले पर भी रखी राय
कार्तिक ने भारत के पहले बल्लेबाजी करने के फैसले का भी समर्थन किया. चेस्टर-ले-स्ट्रीट में बादल छाए हुए थे और लगातार बारिश की आशंका बनी हुई थी. ऐसे में ज्यादातर टीमें लक्ष्य का पीछा करना पसंद करतीं, लेकिन भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी. कार्तिक के मुताबिक इस फैसले के पीछे आयरलैंड दौरे में मिली 0-2 की हार का असर भी था.
अब 4 जुलाई को दूसरे टी20 से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या टीम इंडिया संजू सैमसन पर भरोसा कायम रखेगी या फिर वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलेगा. फिलहाल दिनेश कार्तिक का मानना है कि अनुभव को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और वैभव को अपने मौके के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा.