मैं नोवल नहीं पढ़ता, अंग्रेज़ी नोवल तो खासकर नहीं. मुझे रियल लाइफ इवेंट्स वाली किताबें पसंद हैं. लेकिन जब मेरे पास एक किताब आई, और मैंने उसको पढ़ना शुरू किया तो मेरा ये ख़याल बदल चुका था. जब कोई किताब आपको हंसाते-हंसाते अचानक से आपके भीतर के खालीपन को कुरेदने लगे, तो समझ लीजिए कि वह कोई सिम्पल फिक्शन नहीं है.
ल्यूक केनार्ड के नॉवेल ‘ब्लैक बैग’ ठीक यही काम किया. 2026 के बुकर प्राइज शॉर्टलिस्ट में शामिल ये किताब किसी आम कैंपस नॉवेल की तरह नहीं चलती, बल्कि यह आज के वक्त के एब्सर्ड सिस्टम और हमारी विवशताओं पर एक करारा तमाचा है.
कहानी की शुरुआत ही एक अजीबोगरीब और क्रिस्प सेटअप से होती है. एक बेनाम, बेरोजगार एक्टर… जिसकी हालिया उपलब्धि बस किसी पैंटोमाइम में 'बटंस' का रोल करना रही है. पैसे की तंगी से जूझ रहा है. तभी यूनिवर्सिटी का एक प्रोफेसर (डॉ. ब्लेंड) उसे एक नौकरी ऑफर करता है. काम सीधा है: एक बड़े से काले लेदर सूट-बैग में अंडरवियर पहनकर ज़िप बंद करके बैठना है और यूनिवर्सिटी के लेक्चर हॉल में चुपचाप पड़े रहना है. मकसद यह देखना है कि छात्र इस अजीब और गूंगी मौजूदगी पर कैसी प्रतिक्रिया देते हैं.
लेकिन यहीं से केनार्ड का अनूठा फॉर्मेट सामने आता है. नॉवेल में कोई कोटेशन मार्क्स नहीं हैं. इससे किरदार के बोले गए संवाद और उसके भीतर चल रहे अंतहीन, व्यंग्यात्मक ख्यालों के बीच की रेखाएं धुंधली हो जाती हैं. आप लगातार इस भ्रम में रहते हैं कि क्या चल रहा है.
ल्यूक केनार्ड खुद एक जाने-माने पोएट और क्रिटिक हैं, इसलिए उनकी गद्य शैली में गजब की धार है. उनके लिखने का तरीका नुकीले, तीखे और चुटीले रूपकों से भरा है. उनकी पुरानी रचनाओं की तरह ही यहां भी डार्क ह्यूमर और सरकस्म का ऐसा तड़का है जो आपको हर दूसरे पेज पर मुस्कुराने पर मजबूर कर देगा.
इस किताब की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह एक प्रयोग से शुरू होकर आधुनिक समाज की एक गहरी विडंबना बन जाती है. जिस काले बैग में घुसकर उस एक्टर को घुटन और हिचकिचाहट होनी चाहिए थी, वही बैग उसके लिए बाहरी दुनिया के तानों, आर्थिक असुरक्षा और सोशल प्रेशर से बचने का इकलौता सेफ जोन बन जाता है.
उसका क्रोनि-फ्रेंड क्लाउडियो (जो कि क्रोप्टो-ब्रो और ऑनलाइन स्ट्रीमर है) इस अजीबोगरीब स्थिति को भी मोनेटाइज करने की सोचने लगता है. यही इस उपन्यास का सबसे तीखा व्यंग्य है कि आज के दौर में आपकी लाचारी, आपका डिप्रेशन और आपकी गुमनामी भी किसी के लिए कंटेंट या बिजनेस मॉडल हो सकती है.
किताब में एक बात और अच्छी लगी, बहुत आसानी से पुरुषत्व के संकट, नए ज़माने के अकेलेपन और कला के अवमूल्यन जैसे गंभीर मुद्दों को सतह पर ले आते हैं. ‘ब्लैक बैग’ यह सवाल पूछता है कि हम उस दुनिया में कैसे जिंदा रहें जहां आपकी कोई स्पष्ट पहचान नहीं बची है और हर कोई किसी न किसी मुखौटे के पीछे कैद है.
यह किताब एक ऐसा फायरवरक नॉवेल है जो आपको बेतहाशा हंसाता भी है और भीतर से बेचैन भी कर जाता है. अगर आप फिक्शन में कुछ ऐसा तलाश रहे हैं जो लीक से हटकर हो और आज के समय के पाखंड को बेनकाब करता हो, तो यह बुक एक मस्ट-रीड अनुभव है. क्यूंकि मुझ जैसा फिक्शन ना पढ़ने वाला व्यक्ति भी इस किताब को पढ़ गया, तो मामला मज़ेदार है.
बुक: ब्लैक बैग
लेखक: ल्यूक केनार्ड
पब्लिशर: हैचेट इंडिया पब्लिकेशन्स
दाम: 699 रुपये