इंग्लैंड दौरे के दौरान लॉर्ड्स वनडे में शानदार शतक लगाने के बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि 'द हंड्रेड' के उद्घाटन मुकाबले में मुंबई इंडियंस की मालिक नीता अंबानी के साथ उनकी मुलाकात रही.
रोहित शर्मा लंदन के ओवल स्टेडियम में एमआई लंदन (MI London) और सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) के बीच खेले गए द हंड्रेड के पहले मुकाबले को देखने पहुंचे. स्टेडियम पहुंचते ही उन्होंने फैन्स से मुलाकात की, कई लोगों के साथ सेल्फी ली और फिर वीआईपी स्टैंड में जाकर मैच का आनंद लिया.
Lord's ➡️ The Oval
— Star Sports (@StarSportsIndia) July 21, 2026
The Hitman is in attendance for the season opener! 😍#TheHundred 2026 👉 MI London vs Sunrisers Leeds | LIVE NOW! pic.twitter.com/5I9xYzOxrz
सबसे ज्यादा चर्चा उस वक्त हुई जब रोहित शर्मा और नीता अंबानी को काफी देर तक बातचीत करते देखा गया. दोनों की बातचीत किस विषय पर हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. एमआई लंदन, आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस की सिस्टर टीम है, इसलिए इस मुलाकात ने और ज्यादा ध्यान खींचा.
हार्दिक पंड्या आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के कप्तान रहे थे, लेकिन टीम के खराब प्रदर्शन और अंदरूनी मतभेदों के बाद उनके फ्रेंचाइजी छोड़ने की खबरें हाल में आई थीं. ऐसा माना जा रहा है कि रोहित की इस मसले पर भी मुंबई टीम की मालकिन से चर्चा हुई है, क्योंकि रोहित ही वो कप्तान है जिन्होंने मुंबई इंडियंस को पांच बार आईपीएल का चैम्पियन बनाया है. लेकिन जब से हार्दिक ने मुंबई की कप्तानी संभाली है, तब से टीम का प्रदर्शन याद करने लायक नहीं रहा है.
India superstar Rohit Sharma is at the Kia Oval tonight 🤩
— MI London (@MILondonCricket) July 21, 2026
After a century at Lord’s over the weekend, he’s come south of the river at the ground where the Hundred comes alive!#MILondon 💙💚 pic.twitter.com/EKkta21nXh
लॉर्ड्स में बल्ले से दिया करारा जवाब
लॉर्ड्स वनडे से पहले रोहित शर्मा लगातार सवालों के घेरे में थे. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि इंग्लैंड दौरे के बाद बीसीसीआई आगे की प्लानिंग में नए खिलाड़ियों पर भरोसा कर सकता है. ऐसे में लॉर्ड्स का मुकाबला रोहित के लिए बेहद अहम माना जा रहा था.
इस मैच से पहले रोहित ने पिछले आठ वनडे मुकाबलों में 241 रन बनाए थे. उनका औसत 30.1 और स्ट्राइक रेट 88.6 रहा था. इस दौरान उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला था. हालांकि, बीसीसीआई की ओर से यह संकेत दिया गया था कि लॉर्ड्स वनडे उनका आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला नहीं होगा.
84 गेंदों में शतक, बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
388 रन के कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन की शानदार साझेदारी की. इसके बाद उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों पर आक्रामक हमला बोल दिया.
रोहित ने केवल 84 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 110 गेंदों पर 138 रन की शानदार पारी खेली. इसी के साथ वह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर वनडे शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए. हालांकि उनकी शानदार पारी के बावजूद भारत सीरीज का निर्णायक मुकाबला जीत नहीं सका.
रिटायरमेंट की चर्चाओं पर दिया दो टूक जवाब
मैच के बाद रोहित शर्मा ने अपने भविष्य और रिटायरमेंट को लेकर चल रही चर्चाओं पर साफ शब्दों में जवाब दिया था. उन्होंने कहा था कि मेरा काम बल्लेबाजी करना और अपने देश का प्रतिनिधित्व करना है. डेब्यू के समय से ही बाहर शोर रहा है और जब तक खेलूंगा, यह शोर रहेगा. मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. मेरे लिए सबसे जरूरी बात मैदान पर टीम की सफलता में योगदान देना है.
रोहित ने तब कहा था कि अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा. मेरा काम मैदान के अंदर है और बाकी लोगों का काम मैदान के बाहर.
अब वेस्टइंडीज सीरीज पर नजर
रोहित शर्मा अब सितंबर के आखिर में शुरू होने वाली भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज में एक बार फिर भारतीय टीम की ओर से खेलते नजर आ सकते हैं. लॉर्ड्स की शतकीय पारी के बाद उन्होंने यह साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान भारतीय टीम के लिए प्रदर्शन करने पर है, न कि रिटायरमेंट की चर्चाओं पर.