राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स को 40 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ राजस्थान ने दो मैचों की हार का सिलसिला तोड़ा और पॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर कब्जा जमा लिया, वहीं लखनऊ की मुश्किलें और बढ़ गई हैं.
मैच में लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. उनके गेंदबाजों ने शुरुआत में अच्छी पकड़ बनाई और राजस्थान को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया. मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने दो-दो विकेट लेकर राजस्थान को 20 ओवर में 159/6 तक सीमित कर दिया. राजस्थान की ओर से रवींद्र जडेजा ने 29 गेंदों में नाबाद 43 रन की अहम पारी खेली.
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम लगातार विकेट गंवाती रही. मिचेल मार्श ने 55 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके. पूरी टीम 18 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई.
राजस्थान की जीत के हीरो रहे जोफ्रा आर्चर, जिन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए 3/20 के आंकड़े दर्ज किए और लखनऊ की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया.
Happy, #RoyalsFamily? 💗 pic.twitter.com/9FzO9Mo2JG
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) April 22, 2026
इस आईपीएल में 20 रन से ऊपर नहीं बने रियान से रन
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन जोरदार रहा हो, लेकिन रियान पराग लगातार निराश कर रहे हैं. उन्होंने 7 मैचों में 14*, 8, 20, 3, 4, 12, 20 का स्कोर किया है. यहां हैरानी करने वाली बात है कि वो 20 रन से ज्यादा रन नहीं बना पाए हैं. इस सीजन में संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद रियान पराग को यह बड़ी जिम्मेदारी दी गई. लेकिन वो बल्ले से बुरी तरह फ्लॉप रहे हैं. उन्होंने 7 मैचों में 81 रन 13.50 के एवरेज और 117.39 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं. वहीं उन्होंने 2 विकेट भी लिए हैं.
उनके इस प्रदर्शन को उनके ओवरऑल प्रदर्शन से देखा जाए तो उन्होंने 91 मैचों में 24.95 के एवरेज और 140.40 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं, उनके नाम कुल 9 विकेट है. यानी साफ तौर पर यह बात नजर आती है कि उनके प्रदर्शन में बतौर बल्लेबाज गिरावट है. गेंदबाजी तो वैसे भी पार्टटाइम ही करते हैं.
कुल मिलाकर टीम की इस जीत के बावजूद कप्तान रियान पराग की खराब फॉर्म चिंता का कारण बना हुआ है. इस सीजन में उनका बल्ला अब तक खामोश है और लगातार कम स्कोर टीम के लिए चिंता बढ़ा रहे हैं.