भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले एक बड़ा झटका लगा है. बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुए पहले फिटनेस टेस्ट में पंत अपनी मैच फिटनेस साबित करने में नाकाम रहे हैं.
हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की मेडिकल टीम उन्हें अपनी फिटनेस साबित करने का एक और मौका देने जा रही है. ऋषभ पंत अक्टूबर की शुरुआत में खेले गए ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या से जूझ रहे थे.
इसके बाद वह 23 अक्टूबर से बेंगलुरु में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं. हालांकि राहत की बात यह है कि उन्होंने नेट्स में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस दोबारा शुरू कर दी है. लेकिन पहले फिटनेस टेस्ट को वह पास करने में सफल नहीं हो सके.
अब अगले दो दिनों के भीतर बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनका एक और फिटनेस टेस्ट लेगी. अगर पंत इस टेस्ट को पास कर लेते हैं तभी उन्हें न्यूजीलैंड दौरे के लिए रवाना होने की हरी झंडी मिलेगी. लेकिन यहां फेल होने पर वह टीम से बाहर हो जाएंगे.
मैदान पर कब होगी वापसी?
चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत को न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज और इंडिया-ए की टीम में इसी शर्त पर जगह दी थी कि वह अपनी फिटनेस टेस्ट क्लियर करेंगे. फिटनेस में देरी के चलते वह शुरुआती दो चार दिवसीय मैचों से बाहर हो गए थे, जहां ध्रुव जुरेल ने कप्तानी के साथ विकेटकीपिंग की कमान संभाली.
अगर पंत आने वाला फिटनेस टेस्ट पास कर लेते हैं तो वह 7 नवंबर से लिंकन में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ खेले जाने वाले 'इंडिया-ए' के तीसरे चार दिवसीय मैच में हिस्सा लेंगे. 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू हो रही टेस्ट सीरीज से पहले पंत के लिए यह मैच अपनी लय हासिल करने का सबसे बेहतरीन जरिया साबित होगा.
कोच गौतम गंभीर ने साधी चुप्पी
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 3-2 से जीतने के बाद जब हेड कोच गौतम गंभीर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऋषभ पंत की फिटनेस और उपलब्धता पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उनके पास पंत की मेडिकल रिपोर्ट को लेकर कोई अपडेट नहीं है. जैसे ही बीसीसीआई से कोई आधिकारिक जानकारी मिलेगी, वे मीडिया के साथ शेयर करेंगे.