भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक ओपनर रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर फैन्स के बीच चर्चाओं का माहौल गर्म है. क्रिकेट फैन्स के बीच रोहित शर्मा के वनडे संन्यास की खबरें सुर्खिया बटोर रही हैं. लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले तीसरे वनडे मैच से ठीक पहले खबरें आ रही हैं कि यह रोहित का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच हो सकता है. इस खबर के सामने आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर क्रिकेट के कई दिग्गज भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
रोहित को लेकर अश्विन ने क्या कहा?
भारतीय टीम के पूर्व ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बीसीसीआई (BCCI) की चयन नीति और रवैये पर बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आर अश्विन के मुताबिक रोहित शर्मा को जिस तरीके से ट्रीट किया जा रहा है, वह समझ से परे है. अपने यूट्यूब शो 'ASH ki BAAT' में अश्विन ने रोहित शर्मा के साथ हो रहे व्यवहार की कड़ी आलोचना की.
आखिर क्यों फ्लॉप हो रहे हैं रोहित
अश्विन ने कहा कि रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर इससे पहले भी कई बार चर्चाएं हुई हैं. अश्विन के मुताबिक अगर किसी प्लेयर को यह पता चल जाए कि मैनजमेंट उसे टीम के अंदर नहीं चाहती है तो उस खिलाड़ी का मनोबल खत्म हो जाता है. इसके साथ ही उसकी परफॉर्मेंस भी नहीं आ पाती है.
पिछले दो साल में ऐसा रहा है रोहित का प्रदर्शन
अश्विन ने आंकड़ों पर बात करते हुए कहा कि साल 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप के बाद से रोहित ने शानदार प्रदर्शन किया है. साल 2024 से अब तक रोहित ने कुल 19 वनडे मैचों में 45.21 की औसत और 109.15 के स्ट्राइक रेट के साथ 819 रन बनाए हैं. इस दौरान एक शतक और 6 अर्धशतक भी रोहित के बल्ले से आए हैं.
क्या रोहित के साथ हो रहा है अन्याय
अश्विन ने टीम मैनेजमेंट और बीसीसीआई को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी को इस मोड़ पर टीम से बाहर करना या संन्यास की स्थिति में धकेलना पूरी तरह से गलत है. अश्विन ने जोर देकर कहा कि चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को रोहित के साथ बैठना चाहिए था और भविष्य की योजनाओं को लेकर बिल्कुल साफ बात करनी चाहिए थी.
दूसरी तरफ रोहित के पूर्व साथी खिलाड़ी पार्थिव पटेल ने भी रोहित को लेकर अपनी राय दी है. पार्थिव ने कहा कि रोहित हमेशा दो-तीन खराब पारियों के बाद मैच जिताऊ पारी के साथ वापसी करते हैं. अगर यह उनका आखिरी मैच है तो हर भारतीय फैन उम्मीद करेगा कि वे लॉर्ड्स में एक शानदार शतक के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को हमेशा के लिए अलविदा कहें.