scorecardresearch
 

राहुल द्रविड़ के बेटे का धमाका, 41 गेंदों में कूट डाले 85 रन, गेंदबाजों को रुलाया!

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय ने सोमवार को वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ तूफानी पारी खेलकर फैन्स का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया है. उन्होंने महज 41 गेंदों में 85 रन जड़कर टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया.

Advertisement
X
द्रविड़ के बेटे ने किया कमाल. (PHOTO: BCCI)
द्रविड़ के बेटे ने किया कमाल. (PHOTO: BCCI)

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और हेड कोच राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ अपनी बल्लेबाजी के कारण चर्चाओं में बने रहते हैं. अन्वय ने घरेलू क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है.

वीनू मांकड़ ट्रॉफी के तहत विशाखापत्तनम में खेले जा रहे अंडर-19 मुकाबले के दौरान अन्वय ने अपने प्रदर्शन से फैन्स का ध्यान खींच लिया. 17 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने दिल्ली के खिलाफ महज़ 41 गेंदों में 85 रनों की धुआंधार पारी खेलकर महफिल लूट ली.

अपनी इस तूफानी पारी के दौरान कर्नाटक की कप्तानी संभाल रहे अन्वय ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाए. इसके साथ ही उन्होंने साबित किया कि वह सिर्फ डिफेंसिव नहीं, बल्कि आधुनिक क्रिकेट के आक्रामक अंदाज में खेलने में माहिर हैं.

अन्वय ने अपनी इस शानदार पारी में 5 गगनचुंबी छक्के और 7 बेहतरीन चौके जड़े. उन्होंने 207.32 के स्ट्राइक रेट से रन कूटते हुए दिल्ली के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए. पिछले हफ्ते ही चंडीगढ़ के खिलाफ शतकीय पारी (62 गेंदों में 104 रन) खेलने वाले अन्वय ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया है.

Advertisement

कर्नाटक ने दर्ज की बड़ी जीत

मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए कर्नाटक की टीम ने 49 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 418 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए ध्रुव कृष्ण ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए मात्र 51 गेंदों में 103 रनों की शतकीय पारी खेली, जिसके बाद क्रीज पर आए कप्तान अन्वय ने पारी को फिनिशिंग टच देते हुए स्कोर को 400 के पार पहुंचाया.   

419 रनों के जवाब में दिल्ली की टीम 220 रनों पर ऑल आउट हो गई. लिहाजा अन्वय की कप्तानी वाली कर्नाटक ने 198 रनों से बड़ी जीत दर्ज की. अन्वय लगातार अपनी विकेटकीपिंग और कप्तानी के साथ-साथ अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भारतीय अंडर-19 सर्किट में अपना दबदबा बना रहे हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement