पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 के दौरानइस्लामाबाद यूनाइटेड (Islamabad United) के नेट सेशन में बड़ा हादसा हो गया, जब मीर हमजा सज्जाद (Mir Hamza Sajjad) के सिर पर गेंद लगने से वह बेहोश हो गए. फिलहाल सज्जाद होश में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
यह घटना मंगलवार को हनीफ मोहम्मद हाई परफॉरमेंस सेंटर (Hanif Mohammad High-Performance Centre) में अभ्यास सत्र के दौरान हुई. टीम के बल्लेबाज मार्क चैपमैन का एक शॉट नियंत्रण से बाहर हो गया और गेंद सीधे सज्जाद के सिर के पीछे जा लगी. चोट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और कुछ समय के लिए बेहोश हो गए.
घटना के तुरंत बाद सज्जाद को पास के अस्पताल ले जाया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक अब वह होश में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. एहतियात के तौर पर उनका CT स्कैन कराया जाएगा, ताकि किसी भी गंभीर चोट की पुष्टि हो सके.
इस घटना के बाद पूरा ट्रेनिंग सेशन रोक दिया गया और खिलाड़ी व सपोर्ट स्टाफ काफी चिंतित नजर आए. फिलहाल फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनकी हालत स्थिर होने की खबर से राहत जरूर मिली है.
कौन हैं मीर हमजा सज्जाद
मीर हमजा सज्जाद ने अब तक 6 टी20 मैचों में 8 विकेट लिए हैं, जबकि 8 फर्स्ट-क्लास मैचों में उनके नाम 25 विकेट दर्ज हैं. यह तेज गेंदबाज PSL 2026 की नीलामी में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 70 लाख पाकिस्तानी रुपये में खरीदा था, लेकिन अभी तक उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिला है.
इस्लामाबाद इस समय शादाब खान की कप्तानी में पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर है. टीम ने अब तक 2 जीत, 1 हार और 1 नो-रिजल्ट के साथ 5 अंक हासिल किए हैं और उनका नेट रन रेट 1.055 है. इस्लामाबाद अब अपना अगला मैच लाहौर कलंदर्स के खिलाफ गुरुवार को नेशनल बैंक स्टेडियम में खेलेगी.