scorecardresearch
 

शमी से पुलिस ने 3 घंटे की पूछताछ, तब मिली टीम संग जाने की इजाजत

मोहम्मद शमी को कोलकाता पुलिस ने तीन घंटे की पूछताछ के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी फ्रेंचाइजी दिल्ली डेयरडेविल्स से जुड़ने की अनुमति दी.

Advertisement
X
मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को कोलकाता पुलिस से आज तब अस्थायी राहत मिली जब उन्हें तीन घंटे की पूछताछ के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी फ्रेंचाइजी दिल्ली डेयरडेविल्स से जुड़ने की अनुमति दी गई.

उनकी पत्नी द्वारा उनके खिलाफ घरेलू हिंसा और व्याभिचार के कई मामले दर्ज किए जाने के बाद कोलकाता पुलिस ने शमी को समन भेजा था. उन्हें 16 अप्रैल को ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली के आईपीएल मैच के बाद यहां रोक लिया गया था.

संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रवीण त्रिपाठी ने पत्रकारों से कहा, ‘हमें शमी के अपनी आईपीएल टीम से जुड़ने में कोई आपत्ति नहीं है. लेकिन अगर जरूरत पड़ी तो हम उन्हें दोबारा बुलाएंगे.’

पीटीआई के मुताबिक शमी से आज करीब तीन घंटे तक पूछताछ की गई. त्रिपाठी ने कहा, ‘हम उन्हें कभी भी बुला सकते हैं, लेकिन इस समय हमें यह जरूरी नहीं लग रहा. वह इस मामले में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं.’

Advertisement

पता चला है कि शमी बेंगलुरु में अपनी टीम से जुड़ने के लिए आज रात रवाना होंगे जहां उन्हें विराट कोहली की अगुवाई वाली RCB टीम के खिलाफ 21 अप्रैल को मैच खेलना है.

शमी ने मीडिया से बात नहीं की और उन्हें पुलिस मुख्यालय के ‘इन’ गेट से निकाला गया जबकि मीडियाकर्मी और कैमरामैन से ‘आउट’ गेट पर उनका इंतजार करने को कहा गया था.

Advertisement
Advertisement