ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने उस्मान ख्वाजा की आने वाली आत्मकथा को लेकर उठ रही अटकलों को ज्यादा तवज्जो नहीं दी है. ऐसी चर्चा है कि ख्वाजा की किताब में 2018 के चर्चित बॉल टैंपरिंग कांड से जुड़े कुछ खुलासे हो सकते हैं. हालांकि, कमिंस का कहना है कि यह मामला काफी पहले निपट चुका है और ऑस्ट्रेलियाई टीम अब आगे बढ़ चुकी है.
ऑस्ट्रेलिया शुक्रवार से किंग्समीड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मैच खेल रही है, उससे पहले कमिंस का यह बयान आया. 2018 में केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर हुए बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद यह ऑस्ट्रेलिया का साउथ अफ्रीका में पहला टेस्ट दौरा है.
"Tell your story. It's fine." 🗣️ Pat Cummins has no concerns about potential sandpapergate revelations in Usman Khawaja's upcoming autobiography. 📖 https://t.co/fmgsPizKwX
— Test Match Special (@bbctms) October 8, 2026
क्या ख्वाजा की किताब से फिर उठेगा विवाद?
मार्च 2018 में हुए इस कांड में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को सैंडपेपर की मदद से गेंद की कंडीशन बदलने की कोशिश करते पकड़ा गया था. इस घटना ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में बड़ा संकट खड़ा कर दिया था. तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, उपकप्तान डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगा था. बैनक्रॉफ्ट की जेब में सैंडपेपर मिला था.
कमिंस उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी का हिस्सा थे. मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन भी उस समय टीम के प्रमुख गेंदबाज थे. इन चारों ने बॉल टैंपरिंग की योजना की पहले से जानकारी होने से इनकार किया था. अब ये सभी खिलाड़ी आगामी टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका लौटे हैं.
ख्वाजा भी उस समय ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे. वह अगले महीने अपनी आत्मकथा जारी करने की तैयारी में हैं. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, विवाद के बाद ख्वाजा ने पूरी टीम को सामूहिक जिम्मेदारी लेने का सुझाव दिया था, लेकिन उनकी यह बात स्वीकार नहीं की गई थी.
कमिंस बोले- अपनी कहानी बताओ
कमिंस ने पुष्टि की कि उनकी ख्वाजा से किताब को लेकर बातचीत हुई है. हालांकि, उन्होंने बताया कि इस दौरान किताब के कंटेट पर ज्यादा चर्चा नहीं हुई.
कमिंस ने कहा- हमने ज्यादा विस्तार से बात नहीं की. उसने बस मुझे बताया कि वह किताब लिख रहा है. मैंने कहा, कोई चिंता नहीं. अपनी कहानी बताओ. ठीक है.
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने यह भी साफ किया कि उन्हें नहीं पता कि ख्वाजा ने किताब में क्या लिखा है. संभावित खुलासों से जुड़े सवालों के लिए उन्होंने ख्वाजा से ही बात करने को कहा.
कमिंस ने कहा- आपको उनसे पूछना चाहिए. यह काफी पुरानी बात है. उस समय सभी जांच पूरी हो गई थीं. हर सवाल का लाखों बार जवाब दिया जा चुका है. इसलिए उस वक्त मामला निपट गया था.
उन्होंने आगे कहा कि टीम इस घटना से आगे बढ़ चुकी है और पिछले आठ वर्षों में टीम के तौर पर उसके प्रदर्शन और बदलाव से वह खुश हैं.