आईसीसी वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 की शुरुआत में बस चंद दिन बाकी रह गए हैं. टीम इंडिया इस मेगा इवेंट के लिए अपनी तैयारियां को और पुख्ता करने के इरादे से शनिवार (29 सितंबर) को इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में उतरेगी. भारत-इंग्लैंड के बीच यह वॉर्म-अप मुकाबला दोपहर दो बजे से गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस वॉर्म-अप मैच के जरिए रोहित ब्रिगेड गत चैम्पियन इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी क्रम का आकलन करने की कोशिश करेगी.
अभ्यास मैचों को वनडे इंटरनेशनल का आधिकारिक दर्जा हासिल नहीं है. ऐसे में दोनों टीमें अपने अधिक से अधिक खिलाड़ियों का उपयोग कर सकती हैं. हालांकि कोई भी टीम इन मैच में अपनी रणनीति का खुलासा करने से बचना चाहेगी. भारतीय स्पिनर्स कुलदीप यादव, रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के पास खुद को परखने का यह अच्छा मौका होगा. इस मैच में भारत के सभी गेंदबाजों को कुछ ओवर करने को मिल सकते हैं.
The hosts have won the last three men's 🏆
— ICC (@ICC)
Who will win ?
Here's all you need to know ahead of the event:
ईशान-श्रेयस में से किसे मिलेगा मौका?
वनडे वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय फैन्स की नजरें इस बात पर रहने वाली है कि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर में से किसे प्लेइंग-11 में जगह मिलेगी. श्रेयस स्पिनरों को अच्छी तरह से खेलते हैं, लेकिन अक्सर चोटिल हो जाने के कारण उनका मामला गड़बड़ा जाता है. ऐसे में ईशान किशन परिदृश्य में आ जाते हैं, जो बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं.
ईशान किशन ने मौका मिलने पर प्रत्येक बल्लेबाजी क्रम में खुद को साबित किया है. इस बात की प्रबल संभावना है कि वर्ल्ड कप में केएल राहुल विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे और उनका पांचवें नंबर पर भी उतरना तय है. ऐसे में मध्यक्रम में एक स्थान के लिए मुकाबला श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच ही होगा.इंग्लैंड के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में ईशान और श्रेयस की बल्लेबाजी को टीम मैनेजमेंट परखना चाहेगी.
शार्दुल ठाकुर पर भी होंगी निगाहें
अगर भारत शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और हार्दिक पंड्या के साथ उतरता है तो इसका मतलब है कि छठे नंबर तक प्लेइंग-11 में बाएं हाथ का कोई बल्लेबाज नहीं होगा. बाएं हाथ के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरेंगे. वॉर्म-अप मुकाबले में शार्दुल ठाकुर भी बतौर ऑलराउंडर प्रभावित करना चाहेंगे. शार्दुल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हालिया वनडे सीरीज में गेंद से काफी महंगे साबित हुए थे.
इंग्लैंड की बल्लेबाजी में काफी दमखम
इंग्लैंड ने पिछले कुछ वर्षों में तीनों प्रारूप में अपनी रणनीति बदली है. जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है. जॉनी बेयरस्टो, बटलर, डेविड मलान, बेन स्टोक्स, हैरी ब्रूक, लियाम लिविंगस्टोन और मोईन अली जैसे बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने में सक्षम हैं. ऐसे में भारतीय गेंदबाजों को इस मैच में खुद को परखने का मौका मिलेगा. इंग्लैंड टीम का सबसे मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाजी में गहराई का होना है. ऑलराउंडर सैम कुरेन आठवें और क्रिस वोक्स नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं.
भारत टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, रविचंद्रन अश्विन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव.
इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान), मोइन अली, गस एटकिंसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन, डेविड मलान, आदिल राशिद, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स, रीस टॉप्ली, डेविड विली, मार्क वुड, क्रिस वोक्स.