scorecardresearch
 

IPL में फूटा 'स्मोक‍िंग बम', स‍िगरेट पीते हुए रबाडा की क्ल‍िप वायरल? गुजरात टाइटन्स पर उठे सवाल, VIDEO

गुजरात टाइटन्स के तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा का एक कथित स्मोकिंग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसकी पुष्टि नहीं हो सकी है. वीडियो ने फैन्स के बीच बहस छेड़ दी है. रबाडा इस सीजन में 6 मैच में 10 विकेट लेकर प्रभावी रहे हैं. पहले भी वह डोपिंग बैन के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं.

Advertisement
X
कैमरे में कैद या गलतफहमी? रबाडा के वीडियो ने सोशल मीडिया पर छेड़ी बहस. (Photo: Reuters, X/@isnwrld)
कैमरे में कैद या गलतफहमी? रबाडा के वीडियो ने सोशल मीडिया पर छेड़ी बहस. (Photo: Reuters, X/@isnwrld)

इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 के बीच कग‍िसो रबाडा ( Kagiso Rabada) एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि एक वायरल वीडियो है. सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे एक क्लिप में दावा किया जा रहा है कि गुजरात टाइटन्स के स्टार पेसर सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

वीडियो में रबाडा जैसे दिखने वाले शख्स के साथ कुछ अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं, जिन्हें गुजरात टाइटन्स  से जुड़ा बताया जा रहा है. लेकिन उनकी पहचान और वीडियो का स्थान व समय अब तक स्पष्ट नहीं है. इसी वजह से मामला पूरी तरह से संदेह के घेरे में बना हुआ है.

यह वीडियो सामने आने के बाद फैन्स के बीच बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसे खिलाड़ी की निजी जिंदगी से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ इसके प्रोफेशनल असर को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

मैदान पर रबाडा का प्रदर्शन इस सीजन में अब तक मजबूत रहा है. वह पर्पल कैप की रेस में सातवें स्थान पर हैं और 6 मैचों में 10 विकेट ले चुके हैं. उनका एवरेज 22.20 और इकोनॉमी 9.73 का है, जो टीम के गेंदबाजी आक्रमण में उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है.

Advertisement

डोप‍िंग के कारण बैन झेल चुके हैं रबाडा 
इस वायरल वीडियो ने रबाडा के पिछले रिकॉर्ड की भी याद दिला दी है. पिछले IPL सीजन में उन्हें साउथ अफ्रीकन एंटी-डोपिंग एजेंसी द्वारा एक महीने का प्रतिबंध झेलना पड़ा था. उस दौरान वह टूर्नामेंट बीच में छोड़कर गए थे और बाद में टीम से दोबारा जुड़े थे. हालांकि, उस मामले की पूरी जानकारी कभी सार्वजनिक नहीं की गई थी.

फिलहाल IPL में गुजरात टाइटन्स पॉइंट टेबल में छठे स्थान पर है और टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है. टीम का अगला मुकाबला 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलरु के खिलाफ बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है, जो उनके लिए बेहद अहम मैच होगा.

युजवेंद्र चहल का भी वीड‍ियो वायरल 
इससे पहले भी इसी सीजन में युजवेंद्र चहल का एक कथित वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्हें स्मोकिंग और ड्राइविंग करते दिखाया गया था. वह वीडियो भी अपुष्ट ही रहा, लेकिन सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बना था. फिलहाल रबाडा के इस वायरल वीडियो पर न तो खिलाड़ी की ओर से और न ही फ्रेंचाइजी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान आया है. ऐसे में यह मामला अभी सिर्फ सोशल मीडिया चर्चा तक ही सीमित है.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement