ऋषभ पंत के लिए IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. पंत का ना बल्ला चला और ना उनकी कप्तानी में दम दिखा. अब ऐसा लगने लगा है कि लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) भी उनसे आगे बढ़ने की तैयारी में है. पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ हार के चलते एलएसजी ने सिर्फ 8 अंकों के साथ इस सीजन से विदाई ली.
इसके तुरंत बाद टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने ऐसा बयान दिया, जिसने ऋषभ पंत की कप्तानी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया. टॉम मूडी ने साफ संकेत दिए कि फ्रेंचाइजी अब टीम की लीडरशिप पर गंभीरता से विचार करेगी और अगले सीजन से पहले बड़े बदलाव संभव हैं. यानी संजीव गोयनका की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स अगले सीजन से पहले पंत को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है.
टॉम मूडी ने क्या बयान दिया?
टॉम मूडी ने कहा, 'हम इस पूरे सीजन पर शांत दिमाग से विचार करेंगे. हमने अपने स्तर के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया. टीम की लीडरशिप भविष्य में कैसी होगी, इस पर गंभीरता से सोचना पड़ेगा. ऐसा लगता है कि अब हमें रीसेट की जरूरत है.' यानी साफ है कि एलएसजी मैनेजमेंट अब सिर्फ टीम कॉम्बिनेशन ही नहीं, बल्कि कप्तानी मॉडल पर भी बड़ा फैसला लेने के मूड में है.
यह भी पढ़ें: पंजाब प्लेऑफ की रेस में बरकरार, कप्तान श्रेयस अय्यर के शतक के दम पर लखनऊ को हराया
आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए. बड़े मुकाबलों में ना उनकी बल्लेबाजी असर छोड़ पाई और ना कप्तानी. एलएसजी के पास अनुभवी विदेशी खिलाड़ी, मैच विनर भारतीय स्टार्स और युवा टैलेंट की भरमार थी, लेकिन टीम पूरे सीजन बिखरी हुई दिखी. कई मैचों में कप्तानी फैसलों पर सवाल उठे और टीम दबाव में टूटती नजर आई.
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने छोड़ा लप्पू सा कैच तो झल्ला गए अर्जुन तेंदुलकर, रिएक्शन VIRAL
सबसे बड़ी बात यह रही कि ऋषभ पंत खुद भी बल्लेबाजी में लय हासिल नहीं कर पाए. पंत ने इस आईपीएल सीजन में कुल 13 पारियों में 28.36 की औसत से 312 रन बनाए. इस दौरान वो सिर्फ 2 मौकों पर अर्धशतकीय आंकड़ा पार कर पाए. यही वजह है कि अब उनकी जगह और कप्तानी दोनों पर खतरा मंडराने लगा है. ऋषभ पंत के लिए मुश्किलें सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं हैं. हाल ही में उन्हें अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की व्हाइट-बॉल टीम से बाहर कर दिया गया.
इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट भी उन्हें बड़ा झटका लगा, जब भारतीय टीम की उप-कप्तानी की जिम्मेदारी केएल राहुल को सौंप दी गई. दिलचस्प बात यह है कि राहुल पहले एलएसजी के कप्तान रह चुके हैं. एलएसजी के खराब सीजन के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या फ्रेंचाइजी फिर से किसी अनुभवी भारतीय कप्तान की तलाश करेगी?