IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2026 में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले के बाद एक ऐसा पल सामने आया, जिसने क्रिकेट फैन्स को भावुक कर दिया. मैच में राजस्थान ने आठ विकेट से शानदार जीत दर्ज की, लेकिन असली चर्चा मैच के बाद हुए एक खास इमोशनल मोमेंट की रही.
राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहे रवींद्र जडेजा मैच खत्म होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ी खलील अहमद से मिले. इस दौरान जडेजा ने खलील की जर्सी पर बने CSK के लोगो को चूम लिया. यह भावुक और अचानक किया गया इशारा कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
रंग बदले, रिश्ता नहीं
जडेजा का यह कदम साफ दिखाता है कि चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका रिश्ता कितना गहरा है. उन्होंने CSK के साथ 12-13 साल बिताए और टीम की कई खिताबी जीतों में अहम भूमिका निभाई. 2018, 2021 और 2023 में खिताब जीतने वाली टीम का वह अहम हिस्सा रहे.
CSK से अलग होने पर जडेजा ने खुद माना कि यह फैसला आसान नहीं था. उन्होंने कहा- CSK जैसी फ्रेंचाइजी को छोड़ना आसान नहीं था. शुरुआत में यह काफी इमोशनल था. हालांकि उन्होंने आगे कहा कि बदलाव क्रिकेट करियर का हिस्सा है और उन्होंने इसे सकारात्मक तरीके से अपनाया.
जहां से शुरुआत, वहीं वापसी
अब जडेजा फिर से राजस्थान रॉयल्स के साथ हैं, वही टीम जहां से उन्होंने 2008 में IPL करियर की शुरुआत की थी और पहला खिताब जीता था. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा-अब मुझे पिंक कलर अच्छा लग रहा है, येलो थोड़ा पुराना लगने लगा था. उन्होंने यह भी कहा कि वह इस टीम के साथ नई शुरुआत को लेकर उत्साहित हैं, और अपने अनुभव से युवा खिलाड़ियों की मदद करना चाहते हैं.
मैच में भी दिखाया दम
जडेजा ने मैदान पर भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने दो अहम विकेट लिए, जिसमें शिवम दुबे और सरफराज खान शामिल रहे. उनकी गेंदबाजी की बदौलत CSK की टीम 127 रन पर सिमट गई. इसके बाद जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर की कसी हुई गेंदबाजी ने राजस्थान को मैच में पूरी तरह हावी रखा. लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने शानदार बल्लेबाजी की और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की बेहतरीन पारी की मदद से मुकाबला आसानी से जीत लिया.