भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार (30 अक्टूबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा. भारतीय समयानुसार ये मुकाबला दोपहर 12.30 बजे होगा. सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी भारतीय टीम के सामने अब प्लेइंग इलेवन को लेकर अहम सवाल है. चोट के कारण पिछले दो मैचों से बाहर रहे ईशान किशन पर सबकी निगाहें हैं. वहीं, वैभव सूर्यवंशी ने ओपनिंग में अपने प्रदर्शन से हेड कोच गौतम गंभीर के सामने सेलेक्शन का नया समीकरण खड़ा कर दिया है.
ईशान किशन को पहले टी20 के दौरान दाएं पैर की मांसपेशी में हल्की चोट लगी थी. इसके बाद वह दूसरे और तीसरे मुकाबले में नहीं खेल पाए. चौथे मैच में भी उनकी प्लेइंग-11 में जगह को लेकर स्थिति साफ नहीं है. भारत सीरीज जीत चुका है, ऐसे में टीम मैनेजमेंट उनकी वापसी को लेकर जल्दबाजी करने से बच सकता है.
ईशान किशन की गैरमौजूदगी में वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला और उन्होंने इसे शानदार अंदाज में भुनाया. तीसरे टी20 में वैभव ने महज 19 गेंदों पर 45 रन बनाए. अभिषेक शर्मा के साथ उनकी साझेदारी ने पावरप्ले में 118 रन जोड़ दिए, जो मेन्स टी20 इंटरनेशनल में पहले छह ओवर (पावरप्ले) का रिकॉर्ड स्कोर है.
अभिषेक शर्मा ने भी 38 गेंदों पर 113 रनax की विस्फोटक पारी खेली. इस प्रदर्शन के दम पर अभिषेक आईसीसी टी20 इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से नंबर-1 बन गए. दोनों की आक्रामक शुरुआत ने भारतीय टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. ऐसे में चौथे मैच में इस जोड़ी को तोड़ने का फैसला आसान नहीं होगा.
वैभव-अभिषेक फिर कर सकते ओपन
अगर ईशान किशन पूरी तरह फिट होकर उपलब्ध होते हैं, तो टीम मैनेजमेंट के सामने उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का सवाल होगा. वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा को ओपनिंग में बनाए रखने की स्थिति में ईशान को मध्यक्रम में जगह दी जा सकती है. इस समीकरण में छठे नंबर पर खेलने वाले नमन धीर की जगह पर विचार हो सकता है, हालांकि अंतिम फैसला टीम कॉम्बिनेशन पर निर्भर करेगा. एक विकल्प यह भी है कि ईशान को चौथे मैच में आराम देकर सीरीज के आखिरी मुकाबले में उतारा जाए. चोट से उबर रहे बल्लेबाज के मामले में उनकी फिटनेस को प्राथमिकता देना अहम होगा.
...तो वरुण को मौका देंगे गंभीर!
चौथा मुकाबला उन खिलाड़ियों को मौका देने का अवसर भी है, जिन्हें अब तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली. साइड स्ट्रेन से उबरने के बाद टीम में लौटे मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती अब तक नहीं खेले हैं, जबकि चाइनामैन कुलदीप यादव भी बेंच पर रहे हैं. उम्मीद की जा रही है कि इस मुकाबले में भारतीय टीम वरुण को मौका दे सकती है. ऐसे में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को रेस्ट दिए जाने की संभावना दिख रही है,
चौथे टी20 में भारत की संभावित प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव.
चौथे टी20 में न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग-11: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवोन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), जकारी फाउलकेस, एडम मिल्ने, जैकब डफी और मैट फिशर.