scorecardresearch
 

IND vs ENG: अभ‍िषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर, श‍िवम दुबे चले... फ‍िर भी बेनतीजा टी20 में खुली टीम इंड‍िया की कलई, सामने आए ये 5 बड़े लूपहोल

IND vs ENG 1st T20I 2026: भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 189/7 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें कप्तान श्रेयस अय्यर (68), अभिषेक शर्मा (59) और शिवम दुबे (42*) ने अहम योगदान दिया. हालांकि इंग्लैंड की पारी शुरू ही नहीं हो सकी. इस मुकाबले में भारत की तेज शुरुआत के बावजूद टॉप ऑर्डर की नाकामी और बीच के ओवरों की धीमी बल्लेबाजी चिंता का विषय रही.

Advertisement
X
बारिश ने किया बंटाधार, टीम इंडिया के अरमान अधूरे... चेस्टर-ले-स्ट्रीट T20 में सामने आए ये 5 बड़े लूपहोल (Photo: Reuters)
बारिश ने किया बंटाधार, टीम इंडिया के अरमान अधूरे... चेस्टर-ले-स्ट्रीट T20 में सामने आए ये 5 बड़े लूपहोल (Photo: Reuters)

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया. चेस्टर-ले-स्ट्रीट में लगातार बारिश के कारण इंग्लैंड अपनी पारी की एक भी गेंद नहीं खेल सका और मैच रद्द घोषित कर दिया गया. हालांकि इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों ने 189/7 का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा कर मुकाबले को रोमांचक बनाने की पूरी तैयारी कर ली थी.

आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी सवालों के घेरे में थी. ऐसे में कप्तान श्रेयस अय्यर और अभिषेक शर्मा ने दमदार पारियां खेलकर टीम को राहत जरूर दी, लेकिन कुछ कमजोरियां एक बार फिर साफ नजर आईं.

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. महज 6 रन तक संजू सैमसन और ईशान किशन दोनों पवेलियन लौट चुके थे. ईशान लगातार दूसरे मैच में रन आउट हुए, जिसने टीम की ओपनिंग साझेदारी पर फिर सवाल खड़े कर दिए, यानी साफ है कि भारतीय टीम की ओपन‍िंग इस मैच में एक बार फ‍िर फ्लॉप रही. 

इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक अंदाज अपनाया. उन्होंने सिर्फ और स‍िर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला. कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे छोर से समझदारी के साथ पारी संभाली और 68 रन बनाकर टी20 इंटरनेशनल में अपना नौवां अर्धशतक पूरा किया.

Advertisement

दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. हालांकि अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी की रफ्तार कुछ समय के लिए धीमी पड़ गई. आठवें से 14वें ओवर के बीच टीम बड़े शॉट लगाने के लिए संघर्ष करती दिखी और रनगति पर ब्रेक लग गया.

यह भी पढ़ें: ...और क‍ितना इंतजार, इंग्लैंड के ख‍िलाफ भी नहीं हुआ वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू, 'बेबी बॉस' अब क्या करें?

आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 21 गेंदों में नाबाद 42 रन की तेज पारी खेली, जिससे भारत 189 रन तक पहुंच सका. अंतिम पांच ओवरों में भारत ने 54 रन जोड़े और इंग्लैंड के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.

हालांकि बारिश ने पूरे मुकाबले का रोमांच खत्म कर दिया. लगातार होती बारिश के कारण अंपायरों ने करीब 40 मिनट इंतजार किया, लेकिन पांच ओवर का मुकाबला भी संभव नहीं हो सका और मैच रद्द कर दिया गया.

चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी20 में टीम इंडिया की 5 बड़ी कमजोरियां

  1. ओपनिंग की चिंता बरकरार: संजू सैमसन और ईशान किशन फिर जल्दी आउट हुए, जिससे शीर्ष क्रम की अस्थिरता सामने आई.
  2. बीच के ओवरों में धीमी बल्लेबाजी: अभिषेक के आउट होने के बाद 8वें से 14वें ओवर के बीच रन बनाने की गति काफी कम रही.
  3. रन आउट की समस्या: ईशान किशन लगातार दूसरे मैच में गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हुए, जो टीम के लिए चिंता की बात है.
  4. त‍िलक वर्मा  की स्लो बैट‍िंग: चेस्टर-ले-स्ट्रीट टी 20 में भारतीय टीम की ओर से त‍िलक वर्मा ने इस फॉर्मेट के ह‍िसाब से  स्लो बैट‍िंग की, उन्होंने 13 गेंदों पर 13 रन बनाए. 
  5. लोअर ऑर्डर  में फ‍िर एक्सपेर‍िमेंट: इस मुकाबले में गौतम गंभीर के खास हर्ष‍ित राणा को एक बार फ‍िर बैट‍िंग में प्रमोट किया गया और वो अक्षर पटेल से ऊपर खेलने आ गए. जबकि उनकी जगह अक्षर को भेजा जाना चाहिए था, हालांकि हर्ष‍ित 2 गेंद खेलकर 0 पर आउट हो गए. 

  अब दोनों टीमों के बीच दूसरा टी20 मुकाबला 4 जुलाई को मैनचेस्टर में खेला जाएगा, जहां भारत सीरीज में बढ़त लेने की कोशिश करेगा.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement