एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने इस टूर्नामेंट के लिए इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम चुनी है.
वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में जगह मिली है. वहीं, तिलक वर्मा को कप्तानी और रजत पाटीदार को उपकप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह टूर्नामेंट 19 से 29 नवंबर तक कतर की राजधानी दोहा में खेला जाएगा. भारतीय टीम ग्रुप-बी में रखी गई है, जहां उसका सामना यूएई, नेपाल और पाकिस्तान-ए से होगा. स्टार खिलाड़ियों से सजी इंडिया A टीम में राइजिंग स्टार्स एशिया कप के 50 ओवर के टूर्नामेंट के लिए चुने गए हैं.
🚨 News 🚨 India A squad for upcoming ACC Rising Stars Asia Cup announced 📝 More details ▶️ https://t.co/JRdPQ31UPA #RisingStarsAsiaCup https://t.co/4k2vJAE4kh
— BCCI (@BCCI) November 2, 2026
वैभव-अभिषेक-रिंकू को भी मौका
भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी के अलावा अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, तिलक वर्मा, रजत पाटीदार और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया गया है. विकेटकीपर के तौर पर प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र को जगह मिली है.
इंडिया-ए की 15 सदस्यीय टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रजत पाटीदार (उपकप्तान), रिंकू सिंह, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव और अरशद खान.
पाकिस्तान-ए से 22 नवंबर को मुकाबला
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी. ग्रुप-ए में बांग्लादेश-ए, श्रीलंका-ए, अफगानिस्तान-ए और हांगकांग चीन को रखा गया है. वहीं, ग्रुप-बी में भारत-ए के साथ पाकिस्तान-ए, नेपाल और यूएई की टीमें हैं.
दोनों ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 26 और 27 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि खिताबी मुकाबला 29 नवंबर (रविवार) को होगा.
भारत का पूरा शेड्यूल
भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी. इसके बाद 22 नवंबर को पाकिस्तान-ए से भिड़ंत होगी. ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 24 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा.
भारत के तीनों लीग मुकाबले दोहा में होंगे. नेपाल और पाकिस्तान-ए के खिलाफ मैच वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि यूएई के खिलाफ मुकाबला यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में होगा.
भारत के मुकाबले कब कब?
20 नवंबर: भारत-ए vs नेपाल
22 नवंबर: भारत-ए vs पाकिस्तान-ए
24 नवंबर: भारत-ए vs यूएई