भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया दूसरा वनडे मुकाबला भारत ने अपने नाम किया. बारिश से बाधित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत 4 रन से रोमांचक जीत दर्ज कर पांच मैचों की इस सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है.
हालांकि, 135 रनों के छोटे से लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया के पसीने छूट गए थे और आधी टीम सस्ते में पवेलियन लौट गई थी. मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने खुलकर स्वीकार किया कि मैदान पर हालात बिल्कुल भी आसान नहीं थे.
मैच के बाद बात करते हुए कप्तान शुभमन गिल ने अपनी जीत की खुशी जाहिर करने के साथ-साथ टीम की कमियों पर भी खुलकर बात की. गिल ने कहा कि जब तक हमें जीत मिल रही है, तब तक चीजें ठीक हैं... लेकिन मैदान पर हालात बिल्कुल भी आसान नहीं थे. हमने गेंदबाजी बहुत अच्छी की और कीवी टीम को 130-140 के आसपास रोकना शानदार रहा.
भारतीय बल्लेबाजी के संघर्ष पर बात करते हुए गिल ने माना कि एक समय ऐसा लग रहा था कि यह लक्ष्य बहुत आसान है और टीम इसे आसानी से हासिल कर लेगी, लेकिन लगातार विकेट गिरते चले गए. हालांकि, अंत में टीम किसी तरह लक्ष्य पार पाने में सफल रही. बारिश के खलल के समय भारत ने 26 ओवरों में 7 विकेट पर 113 रन बना लिए थे और DLS स्कोर से 4 रन आगे थी, जिससे बारिश रुकने के बाद भारत को विजेता घोषित कर दिया गया.
Rain has the final say as #TeamIndia clinch a 4️⃣-run win via DLS to go 2-0 up in the series 💙 Scorecard ▶️ https://t.co/pxZRYf6dYV #NZvIND https://t.co/9QywzpNCKh
— BCCI (@BCCI) November 7, 2026
जमकर की युवा गेंदबाजों की तारीफ
टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन से गदगद कप्तान गिल ने युवा पेसर गुरनूर बरार की जमकर तारीफ की. बरार ने इस मैच में कहर बरपाते हुए महज 30 रन देकर 4 बड़े विकेट झटके थे. गिल ने कहा कि गुरनूर ने पिछले मैच में भी शानदार गेंदबाजी की थी.
उम्मीद है कि जैसे-जैसे वह और मैच खेलेगा और अनुभव हासिल करेगा, उसकी लाइन और लेंथ में और अधिक निरंतरता आएगी. उसके पास रफ्तार है, उछाल है. सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि वह कितनी निरंतरता से गेंदबाजी कर सकता है.
ये भी पढ़ें- IND vs NZ: रोमांचक मुकाबले में DLS नियम से जीता भारत, 113 रन पर गिर गए थे 7 विकेट, सीरीज में 2-0 की बढ़त
युवा गेंदबाजों को मैसेज देते हुए गिल ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अहम चीज दबाव में प्रदर्शन करना है. रोज मैदान पर उतरना, गेंदबाजी करना और मुश्किल परिस्थितियों में टीम के लिए डिलीवर करना ही असली खेल है. अब इस रोमांचक जीत के बाद भारतीय टीम 10 तारीख को तीसरे वनडे के लिए हेमिल्टन का रुख करेगी.