scorecardresearch
 

Yo-Yo टेस्ट में कौन पड़ेगा भारी? विराट कोहली को हॉकी खिलाड़ी ने दिया फिटनेस चैलेंज

भारतीय हॉकी टीम के स्टार खिलाड़ी मनप्रीत सिंह और विराट कोहली के बीच फिटनेस को लेकर दिलचस्प मुकाबले की चर्चा तेज हो गई है. विराट द्वारा हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस की तारीफ किए जाने के बाद मनप्रीत सिंह ने उन्हें और आरसीबी को यो-यो टेस्ट चैलेंज दे दिया.

Advertisement
X
विराट कोहली को मनप्रीत सिंह ने दिया चैलेंज (Photo: PTI)
विराट कोहली को मनप्रीत सिंह ने दिया चैलेंज (Photo: PTI)

भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके मनप्रीत सिंह ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पूरी टीम को यो-यो टेस्ट के लिए खुला चैलेंज दे दिया है. मनप्रीत सिंह ने कहा कि अगर भारतीय हॉकी टीम और आरसीबी का संयुक्त फिटनेस सेशन होता है, तो वह खेल जगत के लिए बेहद खास नजारा होगा.

RevSportz से बातचीत में मनप्रीत ने कहा, 'हम विराट और पूरी आरसीबी टीम को हमारे साथ ट्रेनिंग सेशन के लिए बुलाना चाहते हैं. हम एक-दूसरे के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेंगे. इससे भारतीय हॉकी को भी फायदा मिलेगा.' हालांकि मनप्रीत ने क्रिकेट की कठिनाइयों को भी स्वीकार किया. उन्होंने कहा कि 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आने वाली गेंद का सामना करना आसान नहीं है.

मनप्रीत सिंह ने कहा, 'अगर हमें बल्लेबाजी करने को कहा जाए तो वह हमारे लिए भी मुश्किल होगा. क्रिकेट में रिएक्शन टाइम, आंखों का तालमेल और पोजिशनिंग बेहद अहम होती है. दोनों खेलों की जरूरतें अलग हैं.'

किंग कोहली ने क्या कहा था?
दरअसल, यह पूरा मामला उस बयान के बाद शुरू हुआ जिसमें विराट कोहली ने भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस की जमकर तारीफ की थी. मंगलवार को आयोजित आरसीबी इनोवेशन लैब इंडियन स्पोर्ट्स समिट में कोहली ने कहा था कि क्रिकेटरों की फिटनेस हॉकी खिलाड़ियों के मुकाबले काफी पीछे है.

Advertisement

विराट कोहली ने कहा, 'अगर मैं पूरी ईमानदारी से कहूं, तो हम भारतीय हॉकी खिलाड़ियों की फिटनेस के 15 प्रतिशत भी नहीं हैं. अगर हॉकी खिलाड़ी हमारी ट्रेनिंग देखें तो शायद हंस पड़ें, क्योंकि उनका खेल शारीरिक रूप से कहीं ज्यादा कठिन है.'

विराट कोहली के इस बयान ने हॉकी जगत में नई चर्चा छेड़ दी. खिलाड़ियों ने इसे सिर्फ तारीफ नहीं, बल्कि हॉकी में लगने वाली मेहनत, अनुशासन और फिटनेस की बड़ी पहचान माना. अब फैन्स भी विराट कोहली और मनप्रीत सिंह के बीच संभावित यो-यो चैलेंज को देखने के लिए उत्साहित हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement