Hardik Pandya Rohit Sharma: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के एक मुकाबले के दौरान अजीब नजारा देखने को मिला. इस मुकाबले में गुजरात टाइटन्स (GT) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीमें आमने-सामने रहीं. मुंबई टीम की कप्तानी हार्दिक पंड्या संभाल रहे हैं.
मगर वो जैसे ही इस मुकाबले के दौरान टॉस के लिए मैदान में आए तो दर्शकों ने उनको जमकर चिढ़ाया. कई बार तो फैन्स ने पंड्या के सामने ही रोहित-रोहित के नारे भी लगाए. इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहे हैं.
अपनी पुरानी टीम के सामने हैं पंड्या
दरअसल, इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या का सामना अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटन्स से हुआ. हार्दिक की अगुवाई में टाइटन्स ने अपने डेब्यू सीजन (2022) में ही खिताब जीत लिया था, जबकि पिछली बार यह टीम उपविजेता रही थी.
हालांकि हार्दिक इस सीजन में ट्रेड के जरिए वापस मुंबई टीम से जुड़ गए हैं. उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया है. दूसरी ओर गुजरात टाइटन्स ने हार्दिक की जगह शुभमन गिल को अपना कप्तान बनाया है, जिन्हें कप्तानी का बहुत कम अनुभव है. ऐसे में जब पंड्या मैदान पर आए तो गुजरात के फैन्स ने पंड्या को जमकर चिढ़ाया.
मैच में ये रही दोनों टीमों की प्लेइंग-11:
मुंबई इंडियंस: ईशान किशन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, नमन धीर, हार्दिक पंड्या (कप्तान), टिम डेविड, शम्स मुलानी, पीयूष चावला, गेराल्ड कोएत्जी, जसप्रीत बुमराह और ल्यूक वुड.
इम्पैक्ट सब: डेवाल्ड ब्रेविस, रोमारियो शेफर्ड, विष्णु विनोद, नेहल वढेरा, मोहम्मद नबी.
गुजरात टाइटन्स: शुभमन गिल (कप्तान), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, डेविड मिलर, विजय शंकर, राहुल तेवतिया, अजमतुल्लाह उमरजई, राशिद खान, उमेश यादव, साई किशोर और स्पेंसर जॉनसन.
इम्पैक्ट सब: बीआर शरथ, मोहित शर्मा, मानव सुथार, अभिनव मनोहर, नूर अहमद.