भारत के खिलाफ 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेले जाने वाले ऐतिहासिक एकमात्र टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 15 सदस्यीय इंग्लैंड महिला टीम की घोषणा कर दी है. यह मुकाबला कई मायनों में खास रहने वाला है, क्योंकि लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित मैदान पर इंग्लैंड महिला टीम पहली बार टेस्ट मैच खेलेगी.
इस ऐतिहासिक मुकाबले में स्टार ऑलराउंडर नेट साइवर-ब्रंट (Nat Sciver-Brunt) टीम की कमान संभालेंगी. इसके साथ ही वह लॉर्ड्स में टेस्ट मैच में इंग्लैंड की कप्तानी करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन जाएंगी. यह उपलब्धि ऐसे समय आई है जब इसी महीने लॉर्ड्स ने अपने 150वें पुरुष टेस्ट मैच के आयोजन का जश्न मनाया था.
इंग्लैंड की चयनित टीम में अनुभव और युवा जोश का शानदार संतुलन देखने को मिला है. पूर्व कप्तान हीदर नाइट (Heather Knight) टीम का अहम हिस्सा हैं और वह अपने करियर का 15वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगी. दूसरी ओर सेलेक्टर्स ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए कई युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है.
सरे की एलिस कैप्सी (Alice Capsey) और टिली कॉर्टीन-कोलमैन (Tilly Corteen-Coleman) को टीम में शामिल किया गया है. इनके अलावा डरहम की मैडी विलियर्स ( Mady Villiers) भी स्क्वॉड में जगह बनाने में सफल रही हैं. ये तीनों खिलाड़ी इंग्लैंड के लिए अपना पहला टेस्ट कैप हासिल करने की दौड़ में हैं.
इंग्लैंड ने टीम में कई नए चेहरों को शामिल कर बड़ा संदेश दिया है. लंकाशायर की ग्रेस पॉट्स और ऐली थ्रेलकेल्ड को भी मौका मिला है. खास बात यह है कि दोनों खिलाड़ी अभी तक इंग्लैंड के लिए किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेली हैं और इस दौरे पर अंतरराष्ट्रीय डेब्यू की उम्मीद लगाए बैठी हैं.
यह चयन पिछले टेस्ट मुकाबले की तुलना में बड़े बदलावों का संकेत देता है. जनवरी 2025 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए इंग्लैंड के पिछले टेस्ट मैच की टीम से सात खिलाड़ियों में बदलाव किया गया है. इन सात खिलाड़ियों में से पांच ऐसे नाम हैं जो उस मुकाबले का हिस्सा नहीं थे. वहीं Emma Lamb और Issy Wong ने टेस्ट सेटअप में वापसी की है.
भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाला यह मुकाबला महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है. एक तरफ लॉर्ड्स में पहली बार महिला टेस्ट आयोजित होगा, तो दूसरी तरफ इंग्लैंड नई पीढ़ी और अनुभवी खिलाड़ियों के मिश्रण के साथ भारत को चुनौती देने उतरेगा.
भारत के खिलाफ इंग्लैंड महिला टीम (एकमात्र टेस्ट): नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान), टैमी ब्यूमोंट, लॉरेन बेल, मिया बाउचियर, एलिस कैप्सी, टिली कॉर्टीन-कोलमैन, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फाइलर, एमी जोन्स, हीदर नाइट, एम्मा लैम्ब, ग्रेस पॉट्स, ऐली थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स और इस्सी वोंग.