मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का मानना है कि जेम्स एंडरसन एकमात्र गेंदबाज हैं जो ‘रिवर्स आउटस्विंगर’ डाल सकता हैं, जिसमें उनकी कलाई की स्थिति पारंपरिक इनस्विंगर जैसी होती है. तेंदुलकर ने इसे ‘रिवर्स’ रिवर्स स्विंग नाम दिया. वेस्टइंडीज के दिग्गज ब्रायन लारा के साथ अपने 100 एमबी ऐप पर तेंदुलकर ने बताया कि वेस्टइंडीज के खिलाफ एजिस बॉउल में चल रहे पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में एंडरसन इंग्लैंड के लिए क्यों अहम हैं.
सचिन ने लारा से कहा, ‘रिवर्स स्विंग के मामले में जिमी एंडरसन संभवत: पहला गेंदबाज हैं, जो रिवर्स स्विंग को भी रिवर्स करते हैं’ अगर सरल शब्दों में कहें तो दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए पारंपरिक स्विंग में गेंद का चमकदार हिस्सा बाहर की तरफ और खुरदुरा हिस्सा अंदर की तरफ होता है. रिवर्स आउटस्विंगर के मामले में गेंद का मूवमेंट बदल जाता है, मतलब वह दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए बाहर की तरफ निकलती है, लेकिन चमकदार हिस्सा बाहर की तरफ ही रहता है, लेकिन दोनों मामलों में कलाई की स्थिति भिन्न होती है.
धोनी रन आउट ... पिछले साल आज ही टूटा था करोड़ों भारतीयों का दिल
तेंदुलकर के अनुसार, जब उन्होंने एंडरसन की कलाई की स्थिति पर ध्यान दिया तो उन्होंने उन्हें रिवर्स आउटस्विंगर करते हुए देखा जिसमें कलाई की स्थिति पारंपरिक इनस्विंगर की तरह थी. ऐसा उन्होंने पहले कभी नहीं सुना था. सचिन ने कहा, ‘मैंने कई बार अनुभव किया कि वह गेंद को ऐसे पकड़ते हैं, जैसे आउटस्विंगर करना चाहते हों. लेकिन गेंद छोड़ते समय वह गेंद को अंदर लाने की कोशिश करते हैं.’
उन्होंने कहा, ‘अधिकतर बल्लेबाज कलाई की स्थिति पर गौर करते हैं और वह असल में क्या करते हैं. वह आपको दिखाएंगे कि इनस्विंगर कर रहे हैं, लेकिन गेंद के दोनों हिस्सों के बीच असंतुलन से वह बाहर की तरफ निकलेगी.’
तेंदुलकर ने कहा कि अपनी कलाई की स्थिति में तेजी से बदलाव करके एंडरसन बल्लेबाज को शॉट मारने के लिए मजबूर कर देते हैं. उन्होंने कहा, ‘वह जो करते हैं, वह आपको इनस्विंगर खेलने के लिए तैयार करते हैं और गेंद जब आधी पिच से ज्यादा पार कर लेती है, तब वह आपसे बाहर की तरफ निकलना शुरू कर देती है. लेकिन आप तो शॉट खेलने के लिए तैयार हो क्योंकि आपने इनस्विंग की स्थिति देखी है और यह मेरे लिए नया था. कोई ऐसा नहीं करता है.’