जिम्बाब्वे दौरे के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम इंडिया में जगह नहीं मिलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने भले ही साफ कर दिया हो कि सैमसन को आराम दिया गया है, लेकिन अब अनुभवी भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने इस फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
अजिंक्य रहाणे ने संजू सैमसन का समर्थन करते हुए लिखा कि टी20 वर्ल्ड कप जीत के हीरो को टीम में नहीं देखकर वह हैरान हैं. इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले को लेकर सैमसन के साथ सही तरीके से बातचीत की गई होगी. बीसीसीआई ने सोमवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान किया था. सैमसन की गैरमौजूदगी के बाद चयनकर्ताओं के फैसले पर सवाल उठने लगे थे.
अजिंक्य रहाणे ने संजू सैमसन को टैग करते हुए चयन के फैसले पर हैरानी जताई और खिलाड़ियों के साथ संवाद के मुद्दे की ओर भी इशारा किया. रहाणे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'उम्मीद है कि संजू सैमसन के साथ इस बारे में बातचीत की गई होगी. मुझे यह अजीब लगा कि हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप जीत के हीरो को जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 टीम से बाहर रखा गया है. उम्मीद है कि वह जल्द ही टीम में वापसी करेंगे.'

अजिंक्य रहाणे के इस बयान के बाद सैमसन के सेलेक्शन को लेकर बहस और तेज हो सकती है. खास बात यह है कि रहाणे ने सिर्फ सैमसन को टीम में जगह नहीं मिलने पर हैरानी नहीं जताई, बल्कि यह सवाल भी उठाया कि क्या इस फैसले के बारे में खिलाड़ी को सही तरीके से जानकारी दी गई थी. रहाणे की प्रतिक्रिया से पहले बीसीसीआई से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने सैमसन को टीम में नहीं चुने जाने की वजह बताई थी.
सूत्र ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा था, 'संजू सैमसन सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. वह एक सीनियर खिलाड़ी हैं और जिम्बाब्वे दौरे पर उनके प्लेइंग इलेवन में खेलने की संभावना नहीं थी. ऐसे में उन्हें टीम के साथ ले जाने के बजाय आराम देने और युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया गया. संजू को जिम्बाब्वे के लिए आराम दिए जाने पर इतनी हैरानी क्यों है? जो लोग यह सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि संजू सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स की टीम में हैं. चयन समिति की आलोचना करने वालों को थोड़ा होमवर्क करना चाहिए.'
संजू सैमसन के लिए पिछले कुछ मुकाबले बल्ले से अच्छे नहीं रहे हैं. आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों में उन्होंने 0 और 5 रन बनाए थे. इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में वह सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए. लगातार तीन पारियों में नाकाम रहने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका मिला. इसके बाद जिम्बाब्वे सीरीज के लिए घोषित टीम में भी उनका नाम नहीं होने से यह चर्चा शुरू हो गई थी कि चयनकर्ताओं ने उन्हें ड्रॉप कर दिया है.
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी. उन्होंने नाबाद 97, 89 और 89 रनों की शानदार पारियां खेली थीं. उनके दमदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' भी चुना गया था. हालांकि, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ उनका बल्ला खामोश रहा.