भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने गुरुवार (22 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया. क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया. इसके साथ ही अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा बार पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए.
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने पहले ओवर की आखिरी गेंद फुल और वाइड फेंकी. अभिषेक ने शानदार कवर ड्राइव खेलते हुए गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा दिया. टी20 इंटरनेशनल में यह सातवां मौका था, जब उन्होंने अपनी पहली गेंद पर छक्का लगाया.
इससे पहले यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी के नाम था, जिन्होंने छह बार ऐसा किया था. अभिषेक शर्मा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया. सूर्यकुमार यादव पांच बार पहली गेंद पर छक्का लगाने के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं.
सर्वाधिक बार पहली गेंद पर सिक्स (T20I)
7- अभिषेक शर्मा (भारत)
6- शफीकुल्लाह शिनवारी (अफगानिस्तान)
5- सूर्यकुमार यादव (भारत)
4- पॉल स्टर्लिंग (आयरलैंड)
4- कॉलिन मुनरो (न्यूजीलैंड)
4- मोहम्मद नवीद (संयुक्त अरब अमीरात)
पहली गेंद पर छक्के के बाद अभिषेक शर्मा ने ज्यादा वक्त गंवाए बिना न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. एडम मिल्ने के खिलाफ चौथे ओवर में उन्होंने दो चौके और दो छक्के जड़ दिए.
हालांकि, छठे ओवर में माइकल ब्रेसवेल के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अभिषेक शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे. शॉर्ट थर्डमैन पर खड़े एडम मिल्ने ने उनका कैच लपका. अभिषेक ने 12 गेंदों में 29 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे. उनका स्ट्राइक रेट 241.67 का रहा.
अभिषेक और संजू सैमसन ने भारतीय पारी को जबरदस्त रफ्तार दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 35 गेंदों में 93 रन जोड़ दिए. अभिषेक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 5.5 ओवर में एक विकेट पर 93 रन था.