Vastu Tips for Money: वास्तु शास्त्र में घर की दिशाओं और चीजों को सही जगह पर रखने का खास महत्व बताया गया है. मान्यता है कि वास्तु के कुछ नियमों का ध्यान रखने से पैसों से जुड़ी परेशानियां कम हो सकती हैं. कई बार कर्ज और बढ़ते खर्चों की वजह से तनाव भी बढ़ जाता है. ऐसे में वास्तु शास्त्र में आर्थिक स्थिति सुधारने और खुशहाल जीवन के लिए कुछ उपाय बताए गए हैं. मान्यता है कि इन नियमों का पालन करने से घर में सकारात्मक माहौल बना रहता है. साथ ही तरक्की के नए रास्ते खुलते हैं. ऐसे में अगर आप भी आर्थिक खुशहाली चाहते हैं, तो घर में इन 7 वास्तु नियमों का ध्यान रख सकते हैं.
1. उत्तर और उत्तर-पूर्व दिशा में रखें कुबेर यंत्र
हिंदू धर्म में भगवान कुबेर को धन का देवता माना जाता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की उत्तर दिशा को धन से जोड़कर देखा जाता है. वहीं, उत्तर-पूर्व दिशा को साफ और खुला रखना अच्छा माना जाता है. इस जगह पर टॉयलेट, जूते रखने की रैक या भारी फर्नीचर रखने से बचना चाहिए. वास्तु के अनुसार, घर की उत्तर दिशा वाली दीवार पर शीशा या कुबेर यंत्र लगाने से धन कमाने के नए अवसर मिल सकते हैं.
2. दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखें तिजोरी
वास्तु शास्त्र में दक्षिण-पश्चिम दिशा को स्थिरता से जोड़कर देखा जाता है. मान्यता है कि इस दिशा में पैसे, गहने और जरूरी कागजात रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत बनी रह सकती है. इस दिशा में आप अलमारी या तिजोरी रख सकते हैं. ध्यान रखें कि तिजोरी का दरवाजा उत्तर या उत्तर-पूर्व दिशा की ओर खुले. वास्तु के अनुसार, दक्षिण या पश्चिम की ओर खुलने वाली तिजोरी से बचना चाहिए.
3. घर का मुख्य दरवाजा हमेशा रखें ठीक
घर का मुख्य दरवाजा आने-जाने का रास्ता होने के साथ-साथ वास्तु में भी खास महत्व रखता है. इसलिए इसे हमेशा साफ रखें. दरवाजे में कोई टूट-फूट हो या ताला ठीक से काम न करता हो, तो उसे जल्द ठीक करवा लें. आप मुख्य दरवाजे के पास छोटे पौधे भी लगा सकते हैं. वास्तु के अनुसार, साफ-सुथरा और अच्छी तरह रखा गया प्रवेश द्वार घर में सुख-समृद्धि के लिए अच्छा माना जाता है.
4. उत्तर-पूर्व दिशा में रखें एक्वेरियम
वास्तु शास्त्र में उत्तर-पूर्व दिशा में पानी से जुड़ी चीजें रखना शुभ माना जाता है. इस दिशा में आप छोटा पानी का फव्वारा या एक्वेरियम रख सकते हैं. मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि पानी साफ हो. एक्वेरियम की नियमित सफाई करें और. फव्वारे का पानी भी समय-समय पर बदलते रहें.
5. घर में कहीं भी पानी टपक रहा हो, तो तुरंत ठीक कराएं
घर की रसोई, बाथरूम या बगीचे में कहीं भी पानी टपक रहा हो, तो उसे नजरअंदाज न करें. खराब नल या पाइप से पानी बहने पर बर्बादी के साथ बिल भी बढ़ सकता है. वास्तु शास्त्र में पानी के रिसाव को आर्थिक नुकसान से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए नल, पाइप या छत से पानी टपकने पर उसे जल्द से जल्द ठीक करवा लें.
6. इस दिशा में न रखें पानी की टंकी
वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व दिशा में पानी की टंकी रखने से बचना चाहिए. मान्यता है कि इन जगहों पर टंकी रखने से घर का संतुलन बिगड़ सकता है. वास्तु शास्त्र में पानी टपकने को पैसों के नुकसान से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए छत पर पानी की टंकी बनवाते समय उसकी सही जगह का ध्यान रखें.
7. दक्षिण-पश्चिम दिशा में न बनवाएं टॉयलेट
वास्तु शास्त्र में दक्षिण-पश्चिम दिशा में टॉयलेट बनवाना अच्छा नहीं माना जाता है. मान्यता है कि इससे घर में पैसों की परेशानी, तनाव और नींद से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं. वास्तु के अनुसार, टॉयलेट के लिए उत्तर-पश्चिम दिशा को बेहतर माना जाता है.