शरद पूर्णिमा को मां लक्ष्मी की कृपा और चंद्रमा की विशेष महिमा से जुड़ी तिथि माना जाता है. मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की दिव्य रात ही भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के साथ महारास रचाया था. इस साल शरद पूर्णिमा का व्रत 25 अक्टूबर को रखा जाएगा. शरद पूर्णिमा पर इस बार कई शुभ योग भी रहने वाले हैं. इस दिन सर्वार्थसिद्धि योग रहेगा. साथ ही, तुला राशि में सूर्य-बुध-शुक्र का त्रिग्रही योग भी रहने वाला है. ये तीनों ग्रह मिलकर बुधादित्य, शुक्रादित्य और लक्ष्मी नारायण राजयोग भी बना रहे हैं. यह दुर्लभ संयोग तीन राशियों के लिए शुभ माना जा रहा है.
वृषभ राशि
आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा. आर्थिक मामलों में भी लाभ और समृद्धि के संकेत मिल सकते हैं. आपको गुप्त स्रोतों से धन की प्राप्ति हो सकती है. यानी नौकरी और कारोबार से जुड़े लोगों को अच्छी खबर मिल सकती है. अपनी योजनाओं पर भरोसा रखकर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा. आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के लिए यह समय अनुकूल साबित हो सकता है. हालांकि, किसी भी बड़े फैसले से पहले परिस्थितियों का आकलन करना जरूरी रहेगा.
कन्या राशि
कन्या राशि वालों के लिए यह समय कई मामलों में फायदेमंद रह सकता है. लंबे समय से अटका हुआ धन वापस मिलने की संभावना बन सकती है. कुछ लोगों के लिए कमाई के नए रास्ते भी खुल सकते हैं. परिवार और घर से जुड़े मामलों में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं. जो लोग अपनी आर्थिक स्थिति बेहतर करने या घरेलू जरूरतों को पूरा करने की योजना बना रहे हैं तो उनके लिए यह समय उपयोगी साबित हो सकता है. आय के नए अवसरों पर ध्यान देना लाभकारी रहेगा.
मकर राशि
शरद पूर्णिमा का यह शुभ संयोग जीवन में सकारात्मकता लेकर आ सकता है. करियर में आगे बढ़ने और कार्यक्षेत्र में सम्मान मिलने की संभावना है. पेशेवर जीवन में नए अवसरों पर ध्यान देने का मौका मिल सकता है. संपत्ति खरीदने, घर की मरम्मत कराने या पारिवारिक रिश्तों को मजबूत बनाने के लिहाज से भी यह समय अनुकूल माना जा रहा है. परिवार के साथ तालमेल बेहतर रखने और योजनाबद्ध तरीके से काम करने से सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं.