scorecardresearch
 

इंस्टा रील पर कमेंटबाजी के चलते खूनी खेल, युवक के सीने में उतार दी गोली

झुंझुनूं में सोशल मीडिया विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात से पहले आरोपियों ने रेकी कर साजिश रची थी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

Advertisement
X
 युवक के सीने में उतार दी गोली (Photo: itg)
युवक के सीने में उतार दी गोली (Photo: itg)

राजस्थान के झुंझुनूं जिले के सिंघाना थानाक्षेत्र के ईश्कपुरा गांव में  पुलिस ने कुछ समय पहले हुए एक हत्याकांड का पर्दाफाश किया है. मुकेश उर्फ टिंकू के मर्डर के मामले में  में मुख्य आरोपी विजय उर्फ मिंटू सहित उसके दो साथियों सोमवीर और अजीत को गिरफ्तार किया गया है. 

सोशल मीडिया को लेकर करीब 1 साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था. जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया. 3 अप्रैल को मुकेश अपने दोस्तों से मिलने ईश्कपुरा गया था. इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला कर दिया. उसके सीने में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई. एसपी कर्मेंद्र सिंह सागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ईश्कपुरा निवासी विजय सिंह मिंटू , बोधन निवासी सोमवीर गुर्जर और बरगद की ढाणी निवासी अजीत बरगढ़ शामिल हैं. तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. 

दरअसल,मृतक मुकेश  और आरोपी विजय के बीच 1 साल पहले से गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था. इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हुई. उसके बाद से लगातार तनाव के हालत बने थे. कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर डाली गई एक रील पर कमेंट को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी और बढ़ गई थी.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को मृतक के चाचा ने सिंघाना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. रिपोर्ट में बताया गया था कि विजय उर्फ मिंटू, सोमवीर गुर्जर, अजीत बरगढ़ और उनके अन्य साथी ने मिलकर मुकेश की हत्या की है. आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक मुकेश की गतिविधियों पर नजर रखी थी. उसकी आवाजाही और अन्य चीजों की भी रेकी की गई थी. घटना वाले दिन आरोपियों ने पहले रास्ते में घेरकर मुकेश की बाइक को निशाना बनाया. फिर लाठियां से वार किया जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया. इसके बाद आरोपियों ने उसे संभलने तक का मौका नहीं दिया. 

मुख्य आरोपी विजय ने मुकेश के सीने से हथियार सटाकर उसको गोली मार दी.  मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई थी. आरोपियों तक पहुंचाने के लिए पुलिस ने इस क्षेत्र में लगे 150 से 200 सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला था. इस दौरान बदमाशों के ठिकानों पर भी छापामारी की गई. पुलिस ने बताया कि इस मामले में हथियार व फरार अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी करने का प्रयास किया जा रहा है.
 

 

 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement