राजस्थान के जालोर के एक प्राइवेट स्कूल मरूधर शिक्षण संस्थान में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. जहां करीब 3:30 बजे सेकेंड क्लास में पढ़ने वाली 6 वर्षीय छात्रा प्रीति क्लासरूम में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, तभी दीवार पर ईंटों से बना ब्लैक बोर्ड भरभराकर गिर पड़ा. जिससे वह उसके नीचे दब गई और उसकी मौत हो गई.
दीवार पर ही ईंटों से बनाए गए हैं ब्लैकबोर्ड
जानकारी के अनुसार क्लासरूम की दीवरें सीमेंट की ईंटों से बनाकर तैयार की गई थीं. वहीं 5 से 7 फीट तक ईंटों की दीवार खड़ी कर उस पर बांस की बल्लियां लगाई गई थीं और ऊपर से तिरपाल डालकर कक्ष बनाए गए थे. दीवार पर ही पढ़ाने के लिए ईंटों का ब्लैक बोर्ड बनाया गया था. वही ब्लैकबोर्ड अचानक ढह गया. हादसे के दौरान प्रीति ईंटों के नीचे दब गई. सूचना लगते ही स्कूल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: पटना में खुले नाले में गिरने से तीन साल की मासूम की मौत, अचानक गायब हुई थी बच्ची
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. हादसे के बाद से स्कूल संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है. ग्रामीणों के अनुसार बावतरा गांव के कपूरगिरी और दिनेश गिरी मरूधर शिक्षण संस्थान के नाम से स्कूल संचालित कर रहे हैं.
स्कूल 12वीं तक मान्यता प्राप्त है और यहां करीब 350 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं. प्रारंभिक जांच में विद्यालय के निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर लापरवाही की आशंका जताई जा रही है. प्रशासन ने भवन की स्थिति की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों की ओर से फिलहाल रिपोर्ट नहीं दी गई है.
वहीं घटना की सूचना पर जिला कलेक्टर प्रदीप गांवड़े ने बताया कि घटना के बाद तहसीलदार समेत प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजा है. फिलहाल घटना की जांच की जा रही है.
जिला शिक्षा अधिकारी ने गठित की टीमें
मृतका प्रीति का परिवार मूल रूप से बालोतरा जिले के असाड़ा का निवासी है. उसके पिता भवरलाल मेघवाल जालोर जिले के असाणा गांव में खेत ठेके पर लेकर परिवार सहित रह रहे थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल छाया हुआ है. मामले को लेकर जालौर जिला शिक्षा अधिकारी भंवरलाल परमार ने बताया कि मौके पर मौजूद हैं.
परमार के मुताबिक दोपहर लंच के दौरान बच्चियों खेल रही थीं. तभी फाइबर ईटों से बना हुआ ब्लैक बोर्ड अचानक भरभरा कर गिर गया. जिसमें 6 वर्षीय प्रीति उसकी चपेट में आ गई और सिर में चोट लगने की वजह से घायल हो गई. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उसकी मौत हो गई. मामले की जांच के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया गया है. स्कूल को 24 साल से मान्यता मिली हुई है.
(इनपुट- नरेश कुमार)