बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. नौबतपुर इलाके में खुले नाले में गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई. पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि की.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना नौबतपुर थाना क्षेत्र के सरसर गांव की है. गुरुवार शाम बच्ची का शव गांव के एक खुले नाले से बरामद किया गया. परिजनों ने बताया कि बच्ची अचानक घर के पास से लापता हो गई थी. काफी तलाश के बाद उसका शव नाले में मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फुलवारीशरीफ के एसडीपीओ दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्ची के नाले में गिरने की आशंका है, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
नौबतपुर में दर्दनाक हादसा
पुलिस का कहना है कि फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्ची किस परिस्थितियों में नाले तक पहुंची.
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने खुले नालों को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि कई जगहों पर नाले खुले पड़े हैं, जिससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है.
पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत डूबने से हुई या किसी अन्य कारण से.इस घटना ने एक बार फिर शहरी और ग्रामीण इलाकों में खुले नालों की समस्या को उजागर कर दिया है, जहां छोटे बच्चों के लिए हर वक्त खतरा मंडराता रहता है.