जयपुर में तेज बारिश के बीच रफ्तार का कहर एक युवक की जिंदगी निगल गया. पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के वंदे मातरम रोड पर बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार SUV ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक और उसकी गाड़ी कई फीट दूर जा गिरे. हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे का दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज भी सामने आया है. वीडियो में तेज गति से आती Kia Seltos SUV दिखाई दे रही है. सड़क पर बारिश के बीच SUV अनियंत्रित होकर स्कूटी से जा टकराती है. टक्कर लगते ही स्कूटी और उस पर सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरते हैं. हादसे की भयावहता CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें: शराब पार्टी, फिर पैसों को लेकर विवाद और हत्या... जयपुर के दिनेश मर्डर केस में बड़ा खुलासा
मृतक की पहचान विकल्प उर्फ राजा मीणा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर जब तेज बारिश हो रही थी, उसी दौरान राजा मीणा स्कूटी से वंदे मातरम रोड से गुजर रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार Kia Seltos बेकाबू होकर सीधे उसकी स्कूटी से जा भिड़ी. भीषण टक्कर में राजा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद कार छोड़कर फरार हुआ चालक
घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है.
पुलिस ने हादसे का CCTV फुटेज भी अपने कब्जे में ले लिया है. फुटेज में हादसे से पहले SUV की तेज रफ्तार और स्कूटी से उसकी टक्कर का पूरा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है. पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए फरार चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
देखें वीडियो...
पुलिस के लिए SUV भी अहम सुराग बनी हुई है. हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था. पुलिस वाहन के नंबर और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है. वहीं, विकल्प उर्फ राजा मीणा की मौत से उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है.