क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देख रही नागपुर की रहनेवाली 17 साल की क्रिकेटर अदिति मोरेश्वर चौकांडे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शुरुआती जांच में सामने आया है कि विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में चयन नहीं होने से वह गहरे तनाव में थी. मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा, मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ...
इस घटना ने खेल जगत और शहर को स्तब्ध कर दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दरअसल, बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे शहर के लक्ष्मीनगर स्थित जैन मंदिर के पास उमालक्ष्मी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रहने वाली अदिति मोरेश्वर चौकांडे (17) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
अदिति मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली थी और पिछले दो वर्षों से अपनी मां के साथ नागपुर में रहकर सुर्वे क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट की कड़ी प्रैक्टिस कर रही थी. उसका सपना बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलना था, जबकि उसका भाई भी क्रिकेट खिलाड़ी है.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA ) की चयन प्रक्रिया में नाम नहीं आने के बाद वह काफी निराश और मानसिक तनाव में थी. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि उसका चयन नहीं हुआ.
आत्महत्या की सूचना मिलते ही बजाजनगर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल पुलिस आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर हर पहलू से जांच कर रही है.
बजाजनगर पुलिस थाने के सीनियर इंस्पेक्टर चेतन चौहान का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी.
हेल्पलाइन नोट
अगर आप या आपका कोई परिचित किसी भी तरह के मानसिक तनाव, अवसाद या संकट से गुजर रहा है, तो कृपया अकेले न रहें। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन 'टेली-मानस' (Tele-MANAS) के टोल-फ्री नंबर 14416 या 1800 891 4416 पर संपर्क करें और विशेषज्ञ की मदद लें.