scorecardresearch
 

जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में PM मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी, महिला पर यूपी में FIR

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने वाली युवती के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. शिकायत के आधार पर मामला दर्ज होने के बाद इसकी जांच अब दिल्ली पुलिस कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
X
जंतर मंतर प्रोटेस्ट के दौरान अभद्र टिप्पणी के मामले युवती पर केस दर्ज. (Photo: PTI)
जंतर मंतर प्रोटेस्ट के दौरान अभद्र टिप्पणी के मामले युवती पर केस दर्ज. (Photo: PTI)

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के बैनर तले हुए छात्र आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है. युवती के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची और लोक शांति प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई.

23 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए इस छात्र आंदोलन में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया था. प्रदर्शन के दौरान कई तरह के पोस्टर, नारे और व्यंग्य देखने को मिले. इसी बीच एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दी. वीडियो में इस्तेमाल की गई भाषा इतनी आपत्तिजनक बताई गई कि कई प्लेटफॉर्म पर उसे बिना ऑडियो के साझा किया गया.

प्रदर्शन के दौरान वायरल हुआ था युवती का वीडियो

इस मामले में गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी और सर्वोच्च न्यायालय की अधिवक्ता स्मृति सिंह ने शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में कहा गया कि प्रदर्शन के दौरान युवती ने सार्वजनिक मंच से प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया. शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह सिर्फ किसी व्यक्ति के खिलाफ टिप्पणी नहीं थी, बल्कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने और जानबूझकर लोक शांति भंग करने की मंशा से किया गया कृत्य था.

Advertisement

पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत FIR दर्ज की है. चूंकि घटना जंतर-मंतर स्थित संसद मार्ग थाना क्षेत्र की है, इसलिए मामले की जांच अब दिल्ली पुलिस कर रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

युवती के खिलाफ तीन धाराओं में दर्ज किया गया मामला

बताया जा रहा है कि युवती मूल रूप से फरीदाबाद की रहने वाली है और ब्यूटी पार्लर संचालित करती है. उसने इसी वर्ष जनवरी में नोएडा में फ्लैट खरीदा था. जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद से युवती और उसके परिजन अपने निवास पर नहीं मिले हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement