राजस्थान के बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते हुए हत्या के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले के मुख्य आरोपी अरमान की अवैध संपत्तियों पर प्रशासन और पुलिस ने बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया. यह कार्रवाई सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ की गई.
जानकारी के अनुसार, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधपुरा गांव में स्थित आरोपी के अवैध आवासीय और व्यावसायिक निर्माण को चिन्हित किया था. इसके बाद मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से घर और दुकान समेत अन्य अवैध निर्माण को गिरा दिया गया. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा.
यह भी पढ़ें: बूंदी में रोडवेज बस ने युवक को कुचला, मौके पर मौत, ड्राइवर गिरफ्तार
प्रेम प्रसंग में हुई थी युवक की हत्या
बताया गया कि डाबी थाना क्षेत्र में सोनू सिंह की चार युवकों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी. जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अरमान का मृतक सोनू सिंह की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी प्रेम संबंध के चलते अरमान ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सोनू सिंह की हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खान के पास फेंक दिया था. इस घटना के बाद इलाके में काफी आक्रोश फैल गया था और जमकर बवाल भी हुआ था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अरमान समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की थी.
BNS की धारा के तहत बुलडोजर कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि आरोपी की संपत्तियां सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थीं. इसी आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया गया। बुलडोजर चलाकर आरोपी के घर और दुकान को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया.
अधिकारियों के अनुसार, जिले में BNS की धाराओं के तहत यह तीसरी बुलडोजर कार्रवाई है. प्रशासन ने साफ किया है कि अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध संपत्तियों को बख्शा नहीं जाएगा.