ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में दोस्तों की पार्टी के दौरान 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान तपन उर्फ तपु नायक के रूप में हुई है. शुरुआती जांच के मुताबिक, उसके दोस्तों ने पार्सल लेने के बहाने उसे सिसुपालगढ़ गांव बुलाया था. वहां पहुंचते ही एक आरोपी ने कथित तौर पर बंदूक निकालकर उस पर गोली चला दी.
दरअसल, यह घटना धौली थाना क्षेत्र के सिसुपालगढ़ इलाके में देर रात हुई. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के समय मौके पर करीब 8 से 10 लोग जश्न मनाने के लिए जुटे थे. गोली लगने के बाद दो लोग घायल तपन को लेकर कैपिटल अस्पताल पहुंचे. वहां से उसे एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर: विसर्जन के दौरान DJ बजाया तो खैर नहीं, पूजा समिति पर दर्ज होगा क्रिमिनल केस
शुरुआत में गोलीबारी की सूचना लिंगराज थाना क्षेत्र के मौसीमा स्क्वायर ओवरब्रिज के पास की बताई गई थी. हालांकि, जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की असली लोकेशन सिसुपालगढ़ में होने की पुष्टि की. इसके बाद धौली थाने में केस दर्ज किया गया.
दोस्त पर गोली मारने का आरोप, पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
पुलिस कमिश्नर एस. देवदत्त सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें वे दो लोग भी शामिल हैं, जो गोली लगने के बाद तपन को अस्पताल लेकर गए थे. उन्होंने शुरुआत में पुलिस को बताया था कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने युवक को गोली मारी है.
हालांकि, पूछताछ के दौरान दोनों के बयानों में विरोधाभास मिला. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की. जांच में पता चला कि धौली थाना क्षेत्र में एक पार्टी के लिए दोस्तों का समूह जुटा था और इसी दौरान तपन को उसके दोस्त बिष्णुप्रसाद नायक ने कथित तौर पर गोली मार दी.
डीसीपी ने घटनास्थल का किया दौरा, हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने जांच के आधार पर वारदात में शामिल होने के संदेह में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. भुवनेश्वर के डीसीपी सरवाना विवेक एम. ने भी घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने पुष्टि की कि युवक को गोली लगी थी.
फिलहाल, पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह और वारदात की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है. अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और मामले की आगे की जांच जारी है.