कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया. यह प्रदर्शन फ्रीडम पार्क के पास आयोजित किया गया, जहां बेंगलुरु की सड़कों पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की एक प्रतीकात्मक यानी नकली गिरफ्तारी का दृश्य दिखाया गया. इस अनोखे विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने ज्ञानेश कुमार का मुखौटा पहने और हाथों में हथकड़ी लगाए एक व्यक्ति को पुलिस की वर्दी पहने कार्यकर्ता द्वारा गिरफ्तार करते हुए दिखाया. इस मॉक प्रोटेस्ट में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और राज्य कैबिनेट के कई प्रमुख मंत्रियों के अलावा कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई समेत इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए.