मध्य प्रदेश के कटनी जिले के जंगल से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक बाघ जंगल में स्थित भगवान भोलेनाथ के प्राचीन शिवलिंग पर अपना सिर रगड़ता हुआ दिखाई दे रहा है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
ढीमरखेड़ा तहसील के शाहडार की घटना है. शाहडार गांव के समीप घने जंगल में महादेव का एक प्राचीन शिवलिंग स्थापित है. वायरल वीडियो में साफ नजर आता है कि बाघ शांत स्वभाव से शिवलिंग के पास पहुंचता है और कुछ देर तक उस पर अपना सिर और जीभ रगड़ता रहता है.
क्या है बाघ के इस व्यवहार की वजह?
जहां कुछ लोग इस घटना को आस्था और भक्ति से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जंगली जानवर अक्सर अपनी गंध छोड़ने, क्षेत्र चिन्हित करने या खुजली मिटाने के लिए पत्थरों और ठोस वस्तुओं पर सिर रगड़ते हैं. यह उनका स्वाभाविक व्यवहार होता है. देखें VIDEO:-
वन विभाग अलर्ट
क्षेत्रीय रेंजर अजय मिश्रा ने बताया कि यह वीडियो शाहडार गांव से लगभग 400 मीटर की दूरी का है. वन विभाग की गश्ती टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है. ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बता दें कि शाहडार के जंगलों में बाघ और तेंदुए की मौजूदगी आम बात है, लेकिन इंसानी बस्तियों के इतने करीब इस तरह का व्यवहार लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया है.