scorecardresearch
 

केन-बेतवा परियोजना के खिलाफ MP में आंदोलन खत्म, कांग्रेस ने दिया साथ का भरोसा

पन्ना में केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ आंदोलन कर रहे अमित भटनागर ने उमंग सिंघार के समर्थन के भरोसे के बाद प्रदर्शन खत्म किया. जानिए मुआवजे, पुनर्वास और दिव्या अहिरवार की रिहाई को लेकर क्या कहा गया...

Advertisement
X
उमंग सिंघार ने नारियल पानी पिलाकर खत्म करवाया अमित भटनागर का आंदोलन.(Photo:ITG)
उमंग सिंघार ने नारियल पानी पिलाकर खत्म करवाया अमित भटनागर का आंदोलन.(Photo:ITG)

मध्य प्रदेश के पन्ना में केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ आंदोलन कर रहे कार्यकर्ता अमित भटनागर ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया है. मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के पन्ना पहुंचने और कांग्रेस की ओर से समर्थन का भरोसा देने के बाद उन्होंने आंदोलन खत्म किया. सिंघार के आग्रह पर भटनागर ने नारियल पानी पीकर अपना अनशन समाप्त किया.

केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी किसान और ग्रामीण मुआवजे तथा पुनर्वास की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. अमित भटनागर के नेतृत्व में यह आंदोलन पिछले 42 दिनों से चल रहा था, जबकि भटनागर का विरोध प्रदर्शन 27 दिन से जारी था. प्रदर्शनकारियों ने विस्थापन, उचित पुनर्वास, मुआवजे में कथित अनियमितताओं और वन अधिकार अधिनियम के उल्लंघन से जुड़े मुद्दे उठाए हैं.

उमंग सिंघार ने दिया कांग्रेस के समर्थन का भरोसा

उमंग सिंघार परियोजना प्रभावित लोगों की ओर से आयोजित 'संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' मार्च में शामिल हुए. उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों के साथ ज्ञापन सौंपा और कहा कि कांग्रेस उनके अधिकारों, न्याय, सम्मान और उचित मुआवजे की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी.

सिंघार ने कहा कि बीजेपी सरकार को याद रखना चाहिए कि कांग्रेस अभी भी जिंदा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित आदिवासी परिवारों के अधिकारों और न्याय के लिए सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेगी. विकास के नाम पर किसी भी परिवार के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए.

Advertisement

मुआवजे और दोबारा सर्वे पर उठाए सवाल

सिंघार ने बताया कि 14 जुलाई को प्रदर्शनकारियों से मुलाकात के बाद उन्होंने विधानसभा में भी उनकी मांगें उठाई थीं. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रभावित परिवारों का दोबारा सर्वे कराने और मुआवजे की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए थे. हालांकि, सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

उन्होंने सवाल उठाया कि दोबारा सर्वे की रिपोर्ट कहां है? कितने छूटे हुए परिवारों को मुआवजा मिल चुका है और कितने परिवार अब भी भुगतान का इंतजार कर रहे हैं? सिंघार ने कहा कि सरकार को केवल घोषणाएं करने के बजाय प्रभावित परिवारों की समस्याओं का समय पर समाधान करना चाहिए.

पन्ना जिला जेल में दिव्या अहिरवार से मिले सिंघार

पन्ना दौरे के दौरान उमंग सिंघार ने जिला जेल में बंद प्रदर्शनकारी दिव्या अहिरवार से भी मुलाकात की. उनके मुताबिक, दिव्या पिछले 28 दिनों से जेल में बंद हैं. सिंघार ने सत्याग्रहियों के खिलाफ दर्ज मामलों को फर्जी बताते हुए दिव्या अहिरवार की तत्काल रिहाई की मांग की.

उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वालों को जेल में डालने के बजाय सरकार को प्रभावित आदिवासी परिवारों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.

Advertisement

सिंघार ने दोहराया कि कांग्रेस केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आदिवासी किसानों, ग्रामीणों और विस्थापित परिवारों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को न्याय, उचित मुआवजा और सम्मानजनक पुनर्वास मिलने तक कांग्रेस उनकी मांगों को उठाती रहेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement