मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बच्चों से भरी एक स्कूल बस पर फायरिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के वक्त बस में 50 से ज्यादा बच्चे सवार थे. आरोप है कि पहले बस चालक के साथ मारपीट की गई और फिर उस पर कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दी गई. गनीमत रही कि बस में सवार बच्चों को कोई चोट नहीं आई. फायरिंग में बस चालक घायल हो गया. उसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है.
घटना डबरा के पिछोर थाना क्षेत्र की है. बच्चों से भरी स्कूल बस बड़ी अकबई गांव के पास पहुंची थी. इसी दौरान सड़क पर एक कार खड़ी मिली. कार सवारों ने पहले बस चालक खेम सिंह के साथ मारपीट की. विवाद बढ़ने पर युवकों ने कट्टे से चार राउंड फायरिंग कर दी. फायरिंग में बस चालक को छर्रे लगने की बात सामने आई है. घटना के दौरान बस में 50 से अधिक बच्चे मौजूद थे. अचानक हुई फायरिंग से बच्चों के बीच भी दहशत का माहौल बन गया.
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सौरभ कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल घायल बस चालक का इलाज जारी है.
पुलिस की जांच में सामने आई ये कहानी
जांच में अब इस हमले के पीछे की कहानी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, वारदात किसी सड़क विवाद का नतीजा नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश और बदले की भावना से की गई थी. खेम सिंह पिछले चार साल से स्कूल बस चला रहा है. साल 2022 में उसके दोस्त श्रीकृष्ण यादव की एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी. गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अर्जुन उर्फ भीमा मृतक श्रीकृष्ण का भाई है और उसका परिवार खेम सिंह को श्रीकृष्ण की मौत के लिए जिम्मेदार मानता था. इसी रंजिश के चलते अर्जुन ने अपने दो साथियों अभिषेक यादव और शिवम यादव के साथ मिलकर कथित तौर पर खेम सिंह पर हमला करने की योजना बनाई.
यह भी पढ़ें: पंजाब : स्कूल बस पर तलवारों से हमला, घायल ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए यूं बचाई बच्चों की जान
पुलिस का कहना है कि आरोपियों को खेम सिंह के रोजाना बस लेकर निकलने के समय की जानकारी थी. उन्होंने कथित तौर पर उसे बहाने से बस से नीचे उतारा और फिर हत्या की नीयत से उस पर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी. गोली के छर्रे लगने से खेम सिंह घायल हो गया. वारदात के समय बस में करीब 50 स्कूली बच्चे भी सवार थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई किराए की कार जब्त कर ली है. अब पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.