दिवाली और छठ पर्व के चलते भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. स्टेशन पर हालात ऐसे बन गए हैं कि ट्रेनों में चढ़ने के लिए यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मची हुई है. भीड़ के बीच एक यात्री एक हाथ में भारी सामान और दूसरे हाथ पर बच्चे को लटकाए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करता नजर आया.
स्टेशन का ये मंजर बेहद चिंताजनक है और बड़े हादसे की आशंका पैदा कर रहा है. दीपावली के त्योहार पर देशभर में लोग अपने परिवार और अपनों के साथ खुशियां मनाने के लिए घर लौट रहे हैं.
वहीं, दिवाली के साथ छठ पर्व की तैयारियों के चलते भी बड़ी संख्या में यात्री अपने गृह नगरों की ओर रवाना हो रहे हैं. इसके चलते भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है. लोग ट्रेन के दरवाजों पर लटककर और धक्का-मुक्की करते हुए अंदर घुसने की कोशिश कर रहे हैं. सबसे ज्यादा चिंता बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर है.
भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आने की शिकायतें सामने आ रही हैं.
अगर इसी तरह यात्रियों की भीड़ ट्रेनों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की करती रही, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. ट्रेन के दरवाजे पर फिसलने, प्लेटफॉर्म पर गिरने या भीड़ में बच्चों के दबने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: उल्हासनगर रेलवे स्टेशन के परिसर में अंधाधुंध फायरिंग, एक शख्स की मौत
त्योहारी सीजन में रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल, व्यवस्थित कतारें, प्लेटफॉर्म पर निगरानी और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम जरूरी हैं. सवाल ये है कि क्या रेलवे प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है या समय रहते यात्रियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे?