scorecardresearch
 

'पापा मिले तो हाथ पकड़ लिया, मां और भाई लापता हैं, नानी मर गई', जबलपुर क्रूज हादसे में बच्ची ने कांपती आवाज में बताया मंजर

जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज डूबने से बड़ा हादसा हो गया. तेज हवाओं और ऊंची लहरों के बीच संतुलन बिगड़ने से क्रूज पानी में समा गया. अब तक 15 लोगों को बचाया गया, जबकि 9 शव मिले हैं.

Advertisement
X
Bargi Dam Accident Jabalpur (Photo: itg)
Bargi Dam Accident Jabalpur (Photo: itg)

मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित मशहूर पर्यटन स्थल बरगी डैम से बीती रात एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई. यहां नर्मदा नदी के बैकवाटर में पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया. जानकारी के मुताबिक, जब क्रूज नदी के गहरे बैकवाटर क्षेत्र में पहुंचा, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाएं चलने लगीं. ऊंची लहरों और तेज हवा के कारण क्रूज का संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही पलों में वह पानी में समा गया.

'एकदम से क्रूज पलट गया था'

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय नाविकों और प्रशासन ने राहत व बचाव अभियान शुरू किया. अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. वहीं बचाव दल ने बीते दिन से अब तक 9 शव बरामद किए हैं. अभी भी कुछ लोगों के लापता होने की आशंका है, जिनकी तलाश के लिए गोताखोरों और SDRF की टीमों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इस सब के बीच रेस्क्यू किए गए लोगों के दिल दुखा देने वाले बयान सामने आ रहे हैं. इसी कड़ी में बचाई गई एक बच्ची ने भी पत्रकारों से बात की.

'मां और भाई नहीं मिल रहे, नानी मर गई'

सामने आए वीडियो में बच्ची से पूछा गया कि क्या हुआ था? रेस्क्यू टीम की वैन में सहमी बैठी बच्ची ने कांपती आवाज में कहा- एकदम से क्रूज पलट गया था, पूरे क्रूज में बाढ़ आ गई. सब तितर- बितर हो गए. मुझे किसी तरह मेरे पापा मिल गए तो मैंने हाथ पकड़ लिया. मेरी मां और भाई नहीं मिल रहे. नानू मिल गए हैं, लेकिन नानी मर गई, डेड बॉडी मिली.

Advertisement

क्यों हुआ इतना बड़ा हादसा?

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हादसे के वक्त नर्मदा नदी के बैकवाटर क्षेत्र में अचानक मौसम बिगड़ गया था. तेज हवा चलने लगी और पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं. चश्मदीदों के मुताबिक, क्रूज पहले से ही डगमगाने लगा था, लेकिन इसके बावजूद चालक ने उसे तुरंत किनारे लगाने की कोशिश नहीं की जो हादसे का कारण बना.

इस घटना के बाद प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं. हादसे को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं- क्या क्रूज में यात्रियों की संख्या निर्धारित सीमा से ज्यादा थी? क्या सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे? और क्या खराब मौसम के बावजूद क्रूज को रवाना किया गया था?

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement